राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, पंजाब और पुडुचेरी के स्थापना दिवस पर शनिवार को लोगों को बधाई दी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी हरियाणा, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों के स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं दी।
मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए इन राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की सफलता और इनके निवासियों की खुशहाली की कामना की। उन्होंने लिखा, ‘‘आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, पंजाब और पुडुचेरी के स्थापना दिवस पर उनके निवासियों को हार्दिक बधाई! इन सभी क्षेत्रों ने भारत की प्रगति में उल्लेखनीय योगदान दिया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ये राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अपनी विकास यात्रा में नए कीर्तिमान स्थापित करते रहें। मैं इनके सभी निवासियों की निरंतर समृद्धि और कल्याण के लिए शुभकामनाएं देती हूं।’’
प्रधानमंत्री मोदी ने भी दी बधाई
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, हरियाणा दिवस के अवसर पर राज्य के सभी निवासियों को बहुत-बहुत बधाई। यह ऐतिहासिक धरती हमारे किसान भाई-बहनों के अथक परिश्रम, जवानों के अतुलनीय पराक्रम और युवाओं के अद्भुत प्रदर्शन से देशभर के लिए एक मिसाल रही है। प्रगति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहे इस प्रदेश के विशेष अवसर पर मैं हर किसी की खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।"
छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने लिखा, "छत्तीसगढ़ के अपने सभी भाई-बहनों को राज्य के स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ की अनेकानेक शुभकामनाएं। प्रकृति और संस्कृति को समर्पित यह प्रदेश आज प्रगति के नित-नए मानदंड गढ़ने में जुटा है। कभी नक्सलवाद से प्रभावित रहे यहां के कई इलाके आज विकास की प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। मुझे भरोसा है कि यहां के मेहनती और हुनरमंद लोगों की लगन और उद्यम से हमारा यह राज्य विकसित भारत के विजन को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा।"
मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पीएम मोदी ने लिखा, गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक धरोहर को संजोने वाले मध्य प्रदेश के अपने सभी परिवारजनों को राज्य के स्थापना दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। देश के हृदय में बसा हमारा यह प्रदेश जन-जन की आकांक्षाओं को आगे रखकर आज हर क्षेत्र में प्रगति की नई रफ्तार भर रहा है। मुझे विश्वास है कि विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि में यहां के प्रतिभाशाली और परिश्रमी लोगों की अमूल्य भूमिका होने वाली है।
केरल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पीएम मोदी ने लिखा कि केरल पिरवी दिवस पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं! यह एक ऐसा राज्य है जहां विविध क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त करने वाले और अपनी रचनात्मकता तथा नवाचार के लिए विश्व भर में जाने जाने वाले विविध लोगों का निवास है। इस राज्य के सुंदर परिदृश्य और सदियों पुरानी विरासत भारत के जीवंत सांस्कृतिक वैभव को दर्शाती है। केरल के लोगों को सदैव उत्तम स्वास्थ्य और सफलता का आशीर्वाद प्राप्त हो।
कर्नाटक के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पीएम मोदी ने लिखा कि आज, जब हम कन्नड़ राज्योत्सव मना रहे हैं, हम उत्कृष्टता और मेहनत की उस भावना का जश्न मना रहे हैं, जिसका पर्याय कर्नाटक के लोग हैं। हम कर्नाटक की उत्कृष्ट संस्कृति का भी जश्न मना रहे हैं, जो इसके साहित्य, कला, संगीत आदि में परिलक्षित होती है। यह राज्य ज्ञान में निहित प्रगति की भावना का प्रतीक है। मैं प्रार्थना करता हूं कि राज्य के लोग सुखी और स्वस्थ रहें।
साथ ही, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और केरल के लोगों को उनके राज्यों के स्थापना दिवस पर शनिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये राज्य जन कल्याण, स्वच्छता और समृद्धि की ओर अग्रसर हैं। शाह ने 15 मार्च को अलग-अलग संदेशों में राज्यों की समृद्धि और गौरव की कामना की।
गृह मंत्री ने छत्तीसगढ़ के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें नक्सलवाद को खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं जो आदिवासी संस्कृति एवं कला से समृद्ध राज्य छत्तीसगढ़ के विकास और कल्याण में बाधा है। उन्होंने कहा, ‘‘नक्सलवाद राज्य और देश में अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र और राज्य सरकारें 31 मार्च, 2026 तक लाल आतंक का पूरी तरह से सफाया कर देंगी और छत्तीसगढ़ में विकास के एक नए युग की शुरुआत करेंगी।’’
शाह ने हरियाणा के लोगों को अपने संदेश में कहा कि यह राज्य अपने वीर सैनिकों और मेहनती किसानों के लिए जाना जाता है तथा इसने सुशासन और जन कल्याण के नए मानक स्थापित किए हैं।
उन्होंने अपने संदेश में कहा, ‘‘अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और आतिथ्य के लिए प्रसिद्ध हरियाणा की प्रगति और उन्नति की यह यात्रा सदैव निर्बाध रूप से जारी रहे। हरियाणा के स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के सभी निवासियों को हार्दिक बधाई।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं ईश्वर से राज्यवासियों की निरंतर प्रगति की प्रार्थना करता हूं।’ शाह ने आंध्र प्रदेश के लोगों को भी राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी।
उन्होंने कहा, ‘‘जीवंत संस्कृति, विरासत और उल्लेखनीय प्रतिभाओं की भूमि-आंध्र प्रदेश भारत के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू जी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के तहत राज्य की निरंतर समृद्धि की कामना करता हूं।’’
गृह मंत्री ने कर्नाटक के भाइयों और बहनों को ‘राज्योत्सव’ पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कर्नाटक के पास कला, नवोन्मेष और शिक्षा की समृद्ध विरासत है तथा राज्य के लोगों ने संस्कृति और राष्ट्र के विकास में अमूल्य योगदान दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘राज्य समृद्धि और गौरव के साथ फलता-फूलता रहे।’’
शाह ने केरल के लोगों को राज्य स्थापना दिवस ‘पिरवी’ के अवसर पर बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘‘केरल अपनी कालातीत परंपराओं, प्राकृतिक सुंदरता और अपने लोगों की रचनात्मक भावना के साथ हमारे सांस्कृतिक परिदृश्य में एक प्रकाशमान स्थान है। मैं राज्य की प्रगति और समृद्धि के लिए प्रार्थना करता हूं।’’
आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप 1956 में इसी दिन अस्तित्व में आए थे।
पंजाब और हरियाणा का गठन 1966 में हुआ था तथा छत्तीसगढ़ का गठन 2000 में मध्य प्रदेश से अलग होकर हुआ था। ये सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी एक नवंबर को अपना स्थापना दिवस मनाते हैं।