Advertisement

धर्मान्धता के इस दौर में विनोद मेहता की कमी खलेगीः सोनिया गांधी

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आउटलुक समूह के दिवंगत संस्थापक संपादक विनोद मेहता को जी.के.रेड्डी मेमोरिअल अवार्ड दिया, जिसे विनोद मेहता की पत्नी सुमिता मेहता ने स्वीकार किया। दिल्ली के जवाहर भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी शामिल हुए।
धर्मान्धता के इस दौर में विनोद मेहता की कमी खलेगीः सोनिया गांधी

इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि विनोद मेहता सच्चे और अच्छे पत्रकार थे, जिन्होंने हमेशा सच का साथ दिया। उन्होंने कहा कि विनोद मेहता कभी भी सत्ताशाली, अमीर, रसूख वाले लोगों का पक्ष नहीं लिया। वह हमेशा वंचितों के साथ रहे। खासतौर पर सांप्रदायिक सौहार्द, सामाजिक न्याय के मुद्दे उन्होंने बेहद सजगता के साथ उठाए। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आज जब देश में असंतोष को दबाया जा रहा है और अल्पसंख्यक लगातार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। आज जब देश में धर्मनिरपेक्ष ताने-बाने पर खतरा बढ़ गया, धर्मान्धता और रूढ़िवाद को बेलगाम बढ़ावा मिला हुआ है, हमें विनोद मेहता के काम की सख्त कमी महसूस होती है। मौजूदा सरकार पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि यह कुछ लोगों की सरकार है, जो एक व्यक्ति चला रहा है औऱ कुछ लोगों के लिए है।

सोनिया गांधी ने विनोद मेहता के बारे में बात करते हुए कहा कि वह ईमानदारी, प्रतिबद्धता और मूल्यों के प्रति समर्पित पत्रकार थे। वह लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष विचारों के वाहक थे। जो उन्हें सही लगता था, उसके पक्ष में वह पूरी दृढ़ता के साथ खड़े रहते थे। वह पूरी निर्भीकता से बहुलतावादी समाज के पक्ष में खड़े रहे।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने यह भी बेबाकी से रखा कि विनोद मेहता कांग्रेस के उपर जमकर निशाना साधते थे, कड़ी आलोचना करते थे, लेकिन हम हमेशा उनकी आलोचना को बहुत ध्यान से सुनते थे, क्योंकि उसमें किसी तरह की विद्वेष नहीं होता था। सोनिया गांधी ने बताया कि हालांकि विनोद मेहता ने अपनी किताब लखनऊ बॉय में लिखा, राजनेता और पत्रकार कभी दोस्त नहीं हो सकते, दोनों के बीच आलोचनात्मक रिश्ता होना चाहिए, फिर भी उन्हें तमाम पार्टियों से सम्मान मिला।

इस पुरस्कार में पांच लाख रुपये का चेक, एक गोल्ड मेडल दिया गया। इस अवसर पर सुमिता मेहता ने भी अपने विचार रखे और कार्यक्रम का संचालन सांसद टी. सुब्बारामी रेड्डी ने किया। विनोद मेहता का निधन आठ मार्च को लंबी बिमारी के बाद हो गया था। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad