Advertisement

जानें, कब-कैसे और कहां देख सकेंगे चंद्रयान-3 की 'सॉफ्ट लैंडिंग' का लाइव प्रसारण

अंतरिक्ष अन्वेषण में भारत का प्रयास चंद्रयान 3 ऐतिहासिक प्रयास में तब्दील होने वाला है। देश का...
जानें, कब-कैसे और कहां देख सकेंगे चंद्रयान-3 की 'सॉफ्ट लैंडिंग' का लाइव प्रसारण

अंतरिक्ष अन्वेषण में भारत का प्रयास चंद्रयान 3 ऐतिहासिक प्रयास में तब्दील होने वाला है। देश का चंद्रयान-3 मिशन चंद्रमा की सतह पर ‘साफ्ट लैंडिंग’ करेगा और इसमें अब चंद घंटे ही शेष रह गए हैं। आइए, जानते हैं कि इसका सीधा प्रसारण किन किन मंचों पर आप देख सकेंगे।

दरअसल, पूरा देश चंद्रयान-3 को ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ में सफल होते देखना चाहता है। इस महत्वपूर्ण घटनाक्रम का सीधा प्रसारण 23 अगस्त, 2023 को भारतीय समयानुसार शाम 17:27 बजे शुरू किया जाएगा। ‘सॉफ्ट-लैंडिंग’ का सीधा प्रसारण इसरो की वेबसाइट, इसके यूट्यूब चैनल, इसरो के फेसबुक पेज और डीडी नेशनल टीवी चैनल सहित कई मंचों पर उपलब्ध होगा।

गौरतलब है कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने रविवार को कहा था कि यह उपलब्धि भारतीय विज्ञान, इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी और उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर होगी, जो अंतरिक्ष अन्वेषण में भारत की प्रगति का प्रतीक होगी।

इसरो ने कहा था, ‘‘चंद्रयान-3 की ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ एक यादगार क्षण होगी जो न केवल जिज्ञासा को बढ़ाती है, बल्कि हमारे युवाओं के मन में अन्वेषण के लिए जुनून भी जगाती है। यह गर्व और एकता की गहरी भावना पैदा करता है क्योंकि हम सामूहिक रूप से भारतीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी की शक्ति की खुशी मनाते हैं। यह वैज्ञानिक जांच और नवाचार के माहौल को बढ़ावा देने में योगदान देगा।’’

इसरो ने कहा कि इसके आलोक में, देशभर के सभी विद्यालय और शैक्षणिक संस्थानों को छात्रों और शिक्षकों के बीच इस कार्यक्रम को सक्रिय रूप से प्रचारित करने और अपने परिसरों में चंद्रयान-3 की ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ का सीधा प्रसारण करने के लिए आमंत्रित किया जाता है।

गौरतलब है कि अंतरिक्ष यान को 14 जुलाई को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किया गया था। 14 जुलाई के प्रक्षेपण के बाद से, इसरो यह सुनिश्चित कर रहा है कि अंतरिक्ष यान का स्वास्थ्य "सामान्य" बना रहे।

फिर 17 अगस्त को, मिशन ने अपनी चंद्र खोज में एक और बड़ी छलांग लगाई क्योंकि अंतरिक्ष यान का 'विक्रम' लैंडर मॉड्यूल गुरुवार को प्रणोदन मॉड्यूल से सफलतापूर्वक अलग हो गया। बता दें कि चंद्रयान-3 मिशन के लैंडर का नाम विक्रम साराभाई (1919-1971) के नाम पर रखा गया है, जिन्हें व्यापक रूप से भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम का जनक माना जाता है।

यदि यह मिशन सफल रहा, तो भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने वाला एकमात्र देश बन जाएगा, जो अपनी उबड़-खाबड़ और कठिन परिस्थितियों के कारण कठिन माना जाता है। इसी के साथ भारत अमेरिका, चीन और रूस के बाद - चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक उतरने वाला चौथा देश भी बन जाएगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad