मुख्यमंत्री द्वारा हटाये जाने के बाद अगले दिन सरकार ने बैतूल और नीमच में कलेक्टर की पदस्थापना कर दी है। सतना नगर निगम आयुक्त अमनवीर सिंह को बैतूल का कलेक्टर बनाया गया है। अमनवीर 2013 बैच के आईएएस अफसर हैं और मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैस के बेटे हैं। इसी तरह इंदौर में अपर कलेक्टर मयंक अग्रवाल को नीमच का कलेक्टर बनाया गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार को आदेश जारी कर दिया है। प्रदेश में पहली बार हुआ जब किसी आईएएस अफसर के मुख्य सचिव रहते उनका बेटा कलेक्टर बना है। हालांकि पूर्व मुख्य सचिव केएस शर्मा के बेटे मनीष शंकर शर्मा आईपीएस बने थे, जो वर्तमान में एडीजी हैं। जब शर्मा प्रदेश के मुख्य सचिव थे तब मनीष शंकर 1999 से 2001 तक रायसेन और सतना पुलिस अधीक्षक रहे थे। इकबाल सिंह बैस की पहली पोस्टिंग 21 जनवरी 1993 को सीहोर में हुई थी, वे वहां 9 अगस्त 1993 तक पदस्थ रहे थे। अब उनके बेटे को कलेक्टर का पदभार सौंपा गया है।
सोमवार को हुई कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में प्रदेश के मैदानी अफसरों को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के तेवर देखने को मिले थे। कॉन्फ्रेंस खत्म होने के तत्काल बाद मुख्यमंत्री ने दो कलेक्टर, दो पुलिस अधीक्षक और एक राज्य पुलिस सेवा की अफसर को हटाने के निर्देश दे दिए। इसका असर यह हुआ कि मुख्यमंत्री के निर्देश मिलने के एक घंटे बाद हटाए जाने के आदेश जारी कर दिये गये। जिसके मुताबिक कलेक्टर बैतूल राकेश सिंह व नीमच जितेंद्र सिंह को मंत्रालय में उप सचिव में पदस्थ किया गया है। जबकि निवाड़ी की पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह व गुना पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह को भोपाल में एआईजी बनाया गया है। इसी तरह गुना की सीएसपी नेहा पच्चीसिया को पुलिस मुख्यालय में पदस्थ किया गया।