Advertisement

दिल्ली में लॉकडाउन: जानें किन चीजों पर पाबंदी, किन सेवाओं को छूट

दिल्ली में कोरोना संक्रमण के चरम पर पहुंचने के बाद सरकार ने आज रात दस बजे से छह दिनों के लिए लॉकडाउन की...
दिल्ली में लॉकडाउन: जानें किन चीजों पर पाबंदी, किन सेवाओं को छूट

दिल्ली में कोरोना संक्रमण के चरम पर पहुंचने के बाद सरकार ने आज रात दस बजे से छह दिनों के लिए लॉकडाउन की घोषणा की है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल अनिल बैजल के साथ बैठक करने के बाद संवाददाता सम्मेलन में लॉकडाउन की घोषणा की है। जिसमें उन्होंने बताया कि वीकेंड लॉकडाउन की तरह ही इस लॉकडाउन में पाबंदियां रहेंगी। 

लॉकडाउन के दौरान दिल्ली में प्राइवेट मेडिकल कर्मियों को वैध आईडी के साथ छूट दी है। गर्भवती महिलाओं, मरीजों , टीकाकरण के लिए जाने वाले लोगों को, वैध आईडी, डॉक्टर के पर्चे, परीक्षण के साथ छूट दी गई है। 

मेट्रो, बस सर्विस 50 फीसदी यात्रियों के साथ चालू रहेगी। दिल्ली में बैंक, एटीएम खुले रहेंगे। साथ ही पेट्रोल पंप खुले रहेंगे। 

हवाई अड्डो, रेलवे स्टेशनों, आईएसबीटी से आने-जाने वाले व्यक्तियों को वैध टिकट के साथ यात्रा करने की अनुमति दी गई है। राजनयिकों के अधिकारियों के साथ-साथ किसी भी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्तियों के अधिकारियों को वैध आईडी के साथ छूट दी गई है।  इसके साथ ही रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, बस स्टेशन जाने वाले लोगों को भी छूट मिलती रहेगी।

दिल्ली सरकार ने लॉकडाउन के दौरान मीडिया को आईडी कार्ड के साथ छूट दी है। अंतर-राज्य में आने जाने वालों पर आवश्यक वस्तुओं के परिवहन पर कोई प्रतिबंध नहीं। इस तरह के संचालन के लिए कोई अलग अनुमति, ई-पास की आवश्यकता नहीं है। धार्मिक स्थानों को खोलने की अनुमति दी जाएगी, लेकिन किसी भी आगंतुक को अनुमति नहीं है।

संवाददाता सम्मेलन में केजरीवाल ने कहा कि इस दौरान सभी आवश्यक सेवाओं को इससे बाहर रखा गया है। खानपान, मेडिकल और शादी समारोह संपन्न होंगे। शादी समारोह में अधिकतम 50 लोग हिस्सा ले सकेंगे और इसके लिए पास जारी किया जाएगा। मुझे उम्मीद है कि यह छोटा लॉकडाउन है और छोटा ही रहेगा और शायद इसे बढ़ाने की जरूरत नहीं पडे़गी।

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने प्रवासी मजदूरों से अपील है कि दिल्ली छोड़कर मत जाइएगा। आने जाने में इतना समय खराब हो जाएगा। सरकार आपका पूरा ख्याल रखेगी। इन 6 दिनों के लॉकडाउन में हम दिल्ली में बड़े स्तर पर बेड की व्यवस्था करेंगे। केंद्र सरकार हमारी मदद कर रही है। हम इसके लिए शुक्रगुजार हैं।

अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि हमारी स्वास्थ्य व्यवस्था बहुत ज्यादा तनाव में है। किसी भी व्यवस्था की अपनी सीमाएं हैं। हम केंद्र सरकार के लगातार संपर्क में हैं। इस लॉकडाउन में हम दवाईयां और ऑक्सीजन की व्यवस्था करेंगे। सभी से गुजारिश है कि लॉकडाउन का पूरी तरह पालन करें। इस दौरान घर से बाहर न निकलें। 

अरविंद केजरीवाल ने बताया कि पिछले 24 घंटे में लगभग 23,500 मामले आए हैं। संक्रमण दर बहुत ज्यादा बढ़ गई है। दिल्ली के अस्पतालों में बेड की भारी कमी हो रही है। आईसीयू बेड लगभग खत्म हो रहे हैं। 100 से भी कम आईसीयू बेड बचे हैं। दवाईयों की कमी हो रही है।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad