Advertisement

कांग्रेस के अध्यक्ष चुने गए राहुल गांधी, पार्टी मुख्यालय के बाहर जोरदार जश्न

सोमवार की शाम यानी आज कांग्रेस में राहुल युग शुरू होने का औपचारिक ऐलान हो गया। कांग्रेस ने राहुल के...
कांग्रेस के अध्यक्ष चुने गए राहुल गांधी, पार्टी मुख्यालय के बाहर जोरदार जश्न

सोमवार की शाम यानी आज कांग्रेस में राहुल युग शुरू होने का औपचारिक ऐलान हो गया। कांग्रेस ने राहुल के निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा कर दी है। राहुल के अध्यक्ष निर्वाचित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ता खुशी में झूम उठे।

न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, राहुल के अध्यक्ष निर्वाचित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ता खुशी में झूम उठे। राहुल की ताजपोशी पर दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े। कहीं ढोल-नगाड़े बजे तो कहीं राहुल के समर्थन में जोरदार नारेबाजी हुई।

 

कांग्रेस अध्यक्ष पद पर राहुल गांधी की ताजपोशी के बाद न सिर्फ दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर ही, बल्कि उत्तराखंड के देहरादून में स्थित पार्टी दफ्तर के बाहर भी कांग्रेसियों ने जमकर जश्न मनाया। कांग्रेस मुख्यालय पर जमकर रंग खेला गया और खूब आतिशबाजी हुई। यूं कहें कि कांग्रेसियों ने होली और दिवाली एक साथ मनाई। 

 

कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव प्राधिकार (सीईए) के अध्यक्ष मुल्लापल्ले रामचंद्र ने राहुल गांधी के अध्यक्ष चुने जाने का ऐलान किया। मुल्लापल्ले रामचंद्र ने बताया कि राहुल गांधी की ताजपोशी 16 दिसंबर को होगी। सोमवार दोपहर तीन बजे नामांकन वापस लेने का समय खत्म हो गया है। बता दें कि आज ही नामांकन वापस लेने का आखिरी दिन था, सिर्फ राहुल ने ही नामांकन दाखिल किया था।

रामचंद्रन ने बताया कि राहुल के पक्ष में 89 नामांकन पत्रों के सेट दाखिल किए गए थे। नामांकन पत्रों की जांच में सभी सेट सही पाए गए। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी 16 दिसंबर को पूर्वांन्ह 11 बजे प्राधिकरण से अध्यक्ष निर्वाचित होने का प्रमणपत्र लेने के लिये यहां 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय आएंगे।

वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता अजय माकन ने संवाददाताओं को बताया कि 16 दिसंबर को ही राहुल गांधी अध्यक्ष पद का दायित्व संभालेंगे।

19 साल बाद नया अध्यक्ष

यह लगभग दो दशक बाद है, जब कांग्रेस पार्टी को उसका नया पार्टी अध्यक्ष बनेगा। मौजूदा अध्यक्ष सोनिया गांधी 1998 से पार्टी की कमान संभाल रही हैं। नामांकन के दौरान राहुल के साथ पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत कई कांग्रेसी दिग्गज शामिल हुए थे। हालांकि, सोनिया गांधी-प्रियंका गांधी शामिल नहीं हुई थीं। राहुल ने नामांकन से पहले सोनिया से उनके घर जा मुलाकात की थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad