कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन आज भी जारी है। बड़ी संख्या में किसान दिल्ली कूच करने की कोशिश कर रहे हैं। पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर पुलिस ने कड़ी सुरक्षा की हुई है मगर किसान भी दिल्ली के करीब पहुंच चुके हैं। दूसरी ओर आज उत्तर प्रदेश में भी किसान सड़कों पर उतरेंगे और कृषि कानूनों का विरोध करेंगे।
पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर किसानों ने रातभर डेरा जमाए रखा और अब शुक्रवार सुबह से ही नारेबाजी कर रहे हैं।गुरुवार को पंजाब से चले किसानों का पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर पुलिस के साथ संघर्ष हुआ। दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर भी हालात तनावपूर्ण रहे। दिल्ली-हरियाणा के सिंधु बॉर्डर पर भी किसानों का जमावड़ा लगने का आसार है। लिहाजा दिल्ली पुलिस ने बॉर्डर को सील कर दिया है, ताकि किसानों को दिल्ली आने से रोका जा सके। यहां बड़ी संख्या में पुलिसबल तैनात है।
अब आज यूपी के किसान भी सड़कों पर उतरेंगे। भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने घोषणा करते हुए कहा है कि यूपी का किसान सड़क पर उतरेगा। टिकैत के अनुसार आज सुबह 11 बजे से बहुत बड़ा प्रदर्शन होगा। राकेश ने कहा कि यूपी के किसान दिल्ली-देहरादून हाईवे को जाम करेंगे।
बता दें कि प्रदर्शन की वजह से एनसीआर में पहले से ही मेट्रो सेवा बाधित है और नोएडा से दिल्ली मेट्रो नहीं जा पा रही है।दिल्ली मेट्रो से सफर करने वालों के लिए डीएमआरसी ने एडवाइजरी जारी की है। गाजियाबाद, गुरूग्राम, फरीदाबाद से मेट्रो पकड़ते हैं तो शुक्रवार को कोई और इंतजाम कर लें। कृषि कानूनों के विरोध में किसानों के 'दिल्ली चलो मार्च' के मद्देनजर डीएमआरसी ने कहा है किशुक्रवार को एनसीआर से दिल्ली की तरफ मेट्रो का परिचालन बंद रहेगा.। हालांकि दिल्ली से एनसीआर की तरफ मेट्रो का परिचालन जारी रहेगा।