Advertisement

पंजाब में दिग्गजों पर फिरा 'आप' का झाडू: कैप्टन अमरिंदर, प्रकाश सिंह बादल,सुखबीर बादल, चन्नी, सिद्धू समेत आधा दर्जन मंत्रियों की हार

दिल्ली की बाद पंजाब की सत्ता पर भी आम आदमी पार्टी काबिज हो गई है। आप के झाडू ने पंजाब में तमाम बड़े चेहरों...
पंजाब में दिग्गजों पर फिरा 'आप' का झाडू: कैप्टन अमरिंदर, प्रकाश सिंह बादल,सुखबीर बादल, चन्नी, सिद्धू समेत आधा दर्जन मंत्रियों की हार

दिल्ली की बाद पंजाब की सत्ता पर भी आम आदमी पार्टी काबिज हो गई है। आप के झाडू ने पंजाब में तमाम बड़े चेहरों का सफाया कर दिया है। बादल परिवार,कैप्टन अमरिंदर, कांग्रेस के मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी, कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की करारी हार ने पंजाब के इन दिग्गज नेताओं को अगले पांच साल के लिए हाशिए पर धकेल दिया है। 117 में से 90 सीटों पर अप्रत्याशित जीत की ओर बढ़ रही आप के सीएम भगवंत मान होंगे। धूरी से चुनाव लड़ने वाले मान भी अपनी सीट पर 45,000 मतों की जीत बनाए हुए हैं। दो सीटों से चुनाव लड़ने वाले मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह भदौड़ व चमकौर साहिब दोनों ही सीटों से पिछड़ रहे हैं। तगड़ी हार का सामना करने वाले पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल, पूर्व कैप्टन अमरिंदर सिंह और पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर बादल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के सियासी भविष्य पर आप की अप्रत्याशित जीत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

पंजाब में आप ने 2017 की कांग्रेस की 77 सीटों पर जीत से कहीं आगे 90 सीटों पर जीत की ओर बढ़ते कदमों ने यहां के पारंपरिक राजनीतिक दलों के पंजाब की राजनीति से पांव उखाड़ दिए हैं। आप की इस  बड़ी जीत से भगवंत मान मुख्यमंत्री बनना तय है। 2017 में 20 सीटें जीत कर विपक्ष की भूमिका में रहने वाली आप के 9 विधायक चुनाव से पहले पार्टी छोड़कर कांग्रेस और अन्य दलों में शामिल हो गए थे। यह भी माना जा रहा है कि पार्टी में बने रहने वाले 11 विधायकों में से ज्यादातर का मंत्री बनना  तय है। इनमें सुनाम से दूसरी बार जीत दर्ज करने वाले अमन अरोड़ा और विपक्ष के नेता रहे हरपाल चीमा का केबिनेट मंत्री बनना तय है।

इधर पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह अपनी दशकों पुरानी पटियाला सीट से 13 हजार मतों से तो पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल जलालाबाद से 12 हजार मतों से चुनाव हार गए हैं। पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल भी लंबी सीट से पिछड़ रहे हैं। पंजाब में कांग्रेस की दलित राजनीति का चेहरा सीएम चरणजीत सिंह चन्नी भी 19,876 हजार वोटों से पिछड़ रहे हैं। अमृतसर ईस्ट सीट पर 6 राउंड के बाद नवजोत सिद्धू 15406 वोटों के साथ दूसरे नंबर करीब 3500 मतों से पीछे हैं। यहां आम आदमी पार्टी की जीवनजोत कौर 18782 मतों से बढ़त बनाए हुए है। यहां अकाली दल के बिक्रम मजीठिया 12628 मतों के साथ तीसरे नंबर पर हैं।

आप के बाद दूसरे नंबर के लिए कांग्रेस और अकाली दल में टक्कर है, लेकिन दोनों पार्टियां मिलकर भी आप के चौथाई हिस्से तक भी पहुंचती नजर नहीं आ रही हैं। वहीं, भाजपा दहाई का अंक भी नहीं छू पाई है।  आम आदमी पार्टी के प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान के साथ ट्वीट की फोटों के साथ पंजाब में आप की जीत को इंकलाबी बताया है।  

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement