Advertisement

पंजाब में अब ‘आप’ का राज, भगवंत मान बने नए मुख्यमंत्री

पंजाब की राजनीति में आज से नया अध्याय शुरू हो चुका है। मान ने पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री पद के तौर पर...
पंजाब में अब ‘आप’ का राज, भगवंत मान बने नए मुख्यमंत्री

पंजाब की राजनीति में आज से नया अध्याय शुरू हो चुका है। मान ने पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री पद के तौर पर स्वतंत्रता सेनानी शहीद भगत सिंह के गांव खटकड़ कलां में शपथ ली। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संजोयक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी मौजूद रहे। पंजाब में अब 'आप' का राज शुरू हो गया है।

 

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि जैसे दिल्ली में लोग विदेशों से स्कूल देखने आते हैं, मोहल्ला क्लीनिक देखने आते हैं वैसे ही हम पंजाब में स्कूल और अस्पताल ऐसे बनाएंगे कि विदेशों से लोग यहां स्कूल और अस्पताल देखने आएंगे।

 

खटकर कलां में पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद भगवंत मान ने कहा कि हमें यहां रहकर अपना देश ठीक करना है। दूसरे देशों में हमें धक्के नहीं खाने। यहीं रहकर काम करेंगे। खेती, रोज़गार, व्यापार, स्कूल, अस्पताल कहानी बहुत उलझी पड़ी है। आप लोगों के साथ मिलकर इसे सुलझाना है।

 

मान ने कहा कि यहां आने की एक खास वजह है। पहले शपथ ग्रहण राजमहलों में होते थे। अब शपथ ग्रहण समारोह शहीदों के गांव आया है। जिन्होंने हमें ये देश दिया उन्हें याद तो करें, केवल 23 मार्च और 28 सितंबर को थोड़ी याद करना है। वे हमारे दिल में बसे हैं।

शपथग्रहण से ठीक पहले भगवंत मान ने ट्वीट किया, ''सूरज की सुनहरी किरण आज एक नया सवेरा लेकर आई है। शहीद भगत सिंह और बाबा साहब के सपनों को साकार करने के लिए आज पूरा पंजाब खटकड़ कलां में शपथ लेगा। शहीद भगत सिंह जी की सोच पर पहरा देने के लिए मैं उनके पैतृक गांव खटकड़ कलां के लिए रवाना हो रहा हूं।''

भगवंत मान के सीएम पद की शपथ लेने से पहले आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके कहा है, ''आज पंजाब के लिए बहुत बड़ा दिन है। नई उम्मीद की इस सुनहरी सुबह में आज पूरा पंजाब इकठ्ठा होकर एक खुशहाल पंजाब बनाने की शपथ लेगा। उस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए मैं भी शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां के लिए रवाना हो गया हूं।''

इससे पहले, शपथ ग्रहण समारोह को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए थे. भगवंत मान ने अभी अकेले ही शपथ ग्रहण किया है। ऐसा माना जा रहा है कि पंजाब मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत 18 मंत्री हो सकते हैं।

हालिया चुनाव परिणामों में पंजाब विधानसभा की 117 सीटों में से आप ने 92 सीटों पर जीत दर्ज की है। पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले भगवंत मान ने राज्य के लोगों को शपथग्रहण समारोह में शामिल होने का न्यौता दिया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad