Advertisement

पंजाब: मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को कैबिनेट से हटाया, भ्रष्टाचार के लगे हैं आरोप

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भ्रष्टाचार को लेकर सख्त तेवर दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। भगवंत...
पंजाब: मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को कैबिनेट से हटाया, भ्रष्टाचार के लगे हैं आरोप

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भ्रष्टाचार को लेकर सख्त तेवर दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। भगवंत मान ने भ्रष्टाचार के आरोप में अपने स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को हटा दिया है। बताया जा रहा है कि विजय सिंगला के खिलाफ पक्के सबूत मिलने के बाद भगवंत मान ने विजय सिंगला को मंत्री पद से हटाया है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को राज्य मंत्रिमंडल से हटा दिया है। मान ने कहा कि उन्होंने यह जानने के बाद निर्णय लिया कि मंत्री कथित तौर पर निविदाओं के लिए एक प्रतिशत कमीशन की मांग कर रहे हैं। पुलिस को उसके खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने एक वीडियो संदेश में कहा, “मैं मंत्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा हूं। मैं उन्हें कैबिनेट से हटा रहा हूं।” मान ने आगे दावा किया कि सिंगला ने गलत काम करना स्वीकार किया था।

विजय सिंगला पर कार्रवाई करते हुए भगवंत मान ने कहा, ''अरविंद केजरीवाल ने मुझे कहा था कि मैं एक पैसे की रिश्तखोरी, बेईमानी बर्दाश्त नहीं कर सकता। मैंने वचन दिया था ऐसा नहीं होगा। हम आंदोलन से निकले हुए लोग हैं और वो आंदोलन भ्रष्टाचार के खिलाफ था।''

भगवंत मान ने आगे कहा, ''मेरे ध्यान में एक केस आया। इस केस में मेरी सरकार का मंत्री शामिल था। एक ठेके में मेरी सरकार का मंत्री एक फीसदी कमीशन मांग रहा था। इस केस का सिर्फ मुझे पता था। इस केस को दबाया जा सकता था, लेकिन ऐसा करना धोखा होता। इसलिए मैं उस मंत्री के खिलाफ एक्शन ले रहा हूं। तुरंत एक्शन लिया जा रहा है। मंत्री का नाम विजय सिंगला है और उनके खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है।''

 आपको बता दें कि करीब 10 वर्ष पहले विजय सिंगला ने आम आदमी पार्टी का दामन थामा था। वह पेशे से डॉक्टर हैं और लम्बे समय से डेंटल क्लिनिक भी चला रहे हैं। हालिया पंजाब विधानसभा चुनाव में डॉ. विजय सिंगला ने मानसा से प्रसिद्ध गायक और कांग्रेस उम्मीदवार सिद्धू मूसेवाला को 60,000 से अधिक वोटों से हराया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad