Advertisement

बरेली प्रशासन की प्रवासियों के साथ अमानवीयता, सड़क पर बैठाकर किया सेनीटाइज, विपक्ष भड़का

इन दिनों जहां दुनियाभर के करीब 180 से ज्यादा देशों में कोरोना वायरस का खतरा मंडरा रहा है, तो वहीं दूसरी ओर...
बरेली प्रशासन की प्रवासियों के साथ अमानवीयता, सड़क पर बैठाकर किया सेनीटाइज, विपक्ष भड़का

इन दिनों जहां दुनियाभर के करीब 180 से ज्यादा देशों में कोरोना वायरस का खतरा मंडरा रहा है, तो वहीं दूसरी ओर संवेदनहीनता से भी जुड़ी कई खबरें देखने और सुनने को मिल रही हैं। ताजा मामला उत्तर प्रदेश के बरेली से सामने आया है, जहां कर्मचारियों ने दूसरी जगहों से आए बच्चों, महिलाओं और पुरुषों को सैनिटाइज करने का अनोखा तरीका ईजाद किया है। सभी को जमीन पर बैठाकर उनको डिसइंफेक्ट किया जा रहा है। इस मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस मामले पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रशासन की इस कार्रवाई की निंदा की है। साथ ही तीनों नेताओं ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की भी मांग की है। वीडियो वायरल होते ही जिलाधिकारी ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

सड़कों पर बैठाकर लोगों को किया गया सेनेटाइज

उत्तर प्रदेश प्रशासन का अमानवीय चेहरा बरेली जिले में तब देखने को मिला जब दिल्ली, हरियाणा, नोएडा से आए सैकड़ों मजदूरों, महिलाओं और छोटे बच्चों को जमीन पर बैठाकर उनके ऊपर डिसइंफेक्ट दवाई का छिड़काव किया गया। इनके ऊपर डिसइंफेक्ट का छिड़काव कर इन्हें अपने घर भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि इस बीच लोगों ने आंखों में जलन की शिकायत भी की जिसके बावजूद किसी नहीं सुनी गई।

यहां देखें वीडियो-

ऐसा करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश

इस अमानवीय घटना पर बरेली के जिलाधिकारी ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्वीट किया, 'इस वीडियो की पड़ताल की गई, प्रभावित लोगों का सीएमओ के निर्देशन में उपचार किया जा रहा है। बरेली नगर निगम एवं फायर ब्रिगेड की टीम को बसों को सैनेटाइज करने के निर्देश थे, पर अति सक्रियता के चलते उन्होंने ऐसा कर दिया। ऐसा करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।'

माया-अखिलेश-प्रियंका ने साधा योगी सरकार पर निशाना

इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया।

क्या बोलीं बसपा प्रमुख मायावती

बसपा अध्यक्ष मायावती ने कहा, 'देश में जारी जबर्दस्त लॉडाउन के दौरान जनउपेक्षा व जुल्म-ज्यादती की अनेकों तस्वीरें मीडिया में आम हैं परन्तु प्रवासी मजदूरों पर यूपी के बरेली में कीटनाशक दवा का छिड़काव करके उन्हें दण्डित करना क्रूरता व अमानीवयता है जिसकी जितनी भी निन्दा की जाए कम है। सरकार तुरन्त ध्यान दे।'

अखिलेश यादव ने पूछे कई सवाल

वहीं, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सवाल पूछते हुए कहा, 'यात्रियों पर सेनिटाइजेशन के लिए किए गए केमिकल छिड़काव से उठे कुछ सवाल, क्या इसके लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन के निर्देश हैं? केमिकल से हो रही जलन का क्या इलाज है? भीगे लोगों के कपड़े बदलने की क्या व्यवस्था है? साथ में भीगे खाने के सामान की क्या वैकल्पिक व्यवस्था है।'

पहले से ही बहुत दुख झेल रहे हैं मजदूर- प्रियंका गांधी

मायावती और अखिलेश यादव के साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपील की, 'यूपी सरकार से गुजारिश है कि हम सब मिलकर इस आपदा के खिलाफ लड़ रहे हैं लेकिन कृपा करके ऐसे अमानवीय काम मत करिए। मजदूरों ने पहले से ही बहुत दुख झेल लिए हैं। उनको केमिकल डाल कर इस तरह नहलाइए मत। इससे उनका बचाव नहीं होगा बल्कि उनकी सेहत के लिए और खतरे पैदा हो जाएंगे।'

भारत में संक्रमित मरीजों की संख्या 1071

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार भारत में कोरोना वायरस (कोविड-19) से संक्रमित मरीजों की संख्या 1071 हो गई है। वहीं, इनमें से 99 लोग ठीक हो गए हैं। अभी तक 29 मरीजों की मौत हो गई है। केरल में मरीजों की संख्या 194 हो गई है। महाराष्ट्र में अब तक 193 मामले सामने आ गए हैं। उत्तर प्रदेश अब तक 75 मामले सामने आए हैं। कर्नाटक में 80 मामले सामने आए हैं।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad