Advertisement

बिहार: बस दुर्घटना में 36 की मौत, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

बिहार के मधुबनी जिले में आज एक बस के सड़क किनारे स्थित तालाब में गिरने से कम से कम 10 यात्रियों की मौत हो गई। हादसे में और छह अन्य लोगों के मारे जाने की आशंका है।
बिहार: बस दुर्घटना में 36 की मौत, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

बिहार के मधुबनी जिला मुख्यालय से 50 किलोमीटर दूर बेनीपट्टी पुलिस थानांतर्गत बसइता चौक पर यात्रियों से भरी एक बस तालाब में जा गिरी, जिससे यह बड़ा हादसा पेश आया। हादसे के बारे में जिले के पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार बर्नवाल ने बताया कि तालाब से अभी तक 10 शव निकाले जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में कई अन्य लोगों के मारे जाने की आशंका है। राज्य राजमार्ग पर यह दुर्घटना उस समय हुई जब यह निजी बस मधुबनी से सीतामढ़ी जा रही थी। बस में 65 यात्री सवार थे। कुछ यात्री तैरकर सुरक्षित बाहर निकल गए लेकिन कई लोग भाग्यशाली नहीं रहे। एक क्रेन की मदद से इस बस को खींचकर तालाब से बाहर निकाल लिया गया है और लापता लोगों के लिए तलाशी अभियान जारी है। हादसे के बाद घटनास्थल पर क्रेन के देरी से पहुंचने को लेकर पुलिस अधीक्षक और अन्य पुलिसकर्मियों को गुस्साए ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव भी किया। हालांकि अतिरिक्त पुलिस बल आने के बाद पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचने में सफल हुए। राज्य आपदा कार्यबल की एक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई है।

दुर्घटना पर राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा शोक जताया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी हादसे पर गहरा दुख प्रकट करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं। मोदी ने ट्विट किया, बिहार के मधुबनी जिले में बस दुर्घटना से काफी दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं। राजधानी पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस दुर्घटना में यात्रियों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए एक बयान में कहा कि इस दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। कुमार ने राजस्व मंत्री मदन मोहन झा और पंचायती राज मंत्री कपिलदेव कामत को घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश जारी किया है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad