Advertisement

मध्य प्रदेश में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, कमलनाथ और अरूण यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज, जानें क्या है मामला

इंदौर पुलिस ने बताया कि उन्होंने प्रियंका गांधी वाड्रा, मध्य प्रदेश प्रमुख कमल नाथ और पूर्व केंद्रीय...
मध्य प्रदेश में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, कमलनाथ और अरूण यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज, जानें क्या है मामला

इंदौर पुलिस ने बताया कि उन्होंने प्रियंका गांधी वाड्रा, मध्य प्रदेश प्रमुख कमल नाथ और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव सहित वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं के "X" अकाउंट के संचालकों के खिलाफ़ एफआईआर दर्ज की है। दरअसल, यह एफआईआर एक पोस्ट को लेकर दर्ज हुई है, जिसमें मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए थे।

शनिवार रात को "X" (पूर्व में ट्विटर) पर जारी एक बयान के अनुसार इंदौर पुलिस कमिश्नर ने कहा कि स्थानीय भाजपा के कानूनी प्रकोष्ठ के संयोजक निमेश पाठक ने शिकायत की कि ज्ञानेंद्र अवस्थी नामक व्यक्ति के नाम से एक फर्जी पत्र सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया था। पत्र में दावा किया गया है कि राज्य में ठेकेदारों को 50 प्रतिशत कमीशन देने के लिए कहा जा रहा है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि शहर के संयोगितागंज पुलिस स्टेशन में अवस्थी के साथ-साथ वाड्रा, नाथ और अरुण यादव के X खातों के "संचालकों" के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, पाठक की शिकायत की जांच भी चल रही है। इससे पहले शनिवार को, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रामसनेही मिश्रा ने दावा किया था कि संयोगितागंज पुलिस स्टेशन में वाड्रा, नाथ और अरुण यादव के X "हैंडल" के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।

उन्होंने कहा कि पाठक की शिकायत पर भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 469 (प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के इरादे से जालसाजी) के तहत मामला दर्ज किया गया था। पाठक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने "भ्रामक" सोशल मीडिया पोस्ट साझा करके और राज्य में भाजपा शासन पर आरोप लगाकर राज्य सरकार और उनकी पार्टी की छवि खराब करने की साजिश रची।

अधिकारी ने कहा कि पुलिस संबंधित एक्स हैंडल की प्रामाणिकता की पुष्टि कर रही है। शुक्रवार को, वाड्रा ने X पर दावा किया कि मध्य प्रदेश के ठेकेदारों के एक संघ ने उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर शिकायत की है कि उनका भुगतान 50 फीसदी भुगतान करने के बाद ही जारी किया जाता है।

उन्होंने पोस्ट में आरोप लगाया, "कर्नाटक की भ्रष्ट भाजपा सरकार 40 प्रतिशत कमीशन वसूलती थी। मध्य प्रदेश में बीजेपी भ्रष्टाचार के अपने ही रिकॉर्ड को तोड़कर आगे निकल गई है। कर्नाटक की जनता ने 40 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार को सत्ता से हटा दिया, अब मध्य प्रदेश की जनता 50 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार को सत्ता से हटाएगी।"

नाथ और यादव ने भी इसी तरह के पोस्ट किए। एमपी के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने वाड्रा के आरोप को झूठा बताते हुए कांग्रेस नेता से उनके आरोप के समर्थन में सबूत मांगा था। साथ ही यह चेतावनी दी कि कानूनी कार्रवाई के लिए राज्य सरकार और भाजपा के सामने विकल्प खुले हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि विपक्षी दल झूठ फैला रहा है। शुक्रवार शाम को ग्वालियर पुलिस ने प्रियंका गांधी की पोस्ट के मामले में कुछ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad