देश में कोरोना के बढ़ रहे मामलों में सबसे अधिक महाराष्ट्र से केस आ रहे हैं। महाराष्ट्र सबसे ज्यादा पीड़ित राज्य है। हर रोज करीब 60 हजार नए केस दर्ज किए जा रहे हैं जबकि सबसे अधिक मरने वालों की संख्या भी महाराष्ट्र से ही है। इस बार डबल म्यूटेशन की वजह से कोरोना तेजी से फैल रहा है। इस बीच नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी की तरफ से जारी डेटा चिंता बढ़ाने वाला है।
एनआईवी द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक जनवरी से मार्च के बीच महाराष्ट्र में 361 सैंपल्स लिए गए। जिसमें से 61 फीसदी यानी की 220 मामलों में डबल म्यूटेशन पाया गया है।
अभी तक ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जिस तरह से महाराष्ट्र में आंकड़े सामने आ रहे हैं वो क्या डबल म्यूटेशन की वजह से है। डबल म्यूटेशन E484Q और L452R है, जो B.1.617 के रूप में वर्गीकृत किया गया है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा है कि राज्य सरकार ने महाराष्ट्र के सभी सैंपल्स पर केंद्र से जीनोम सीक्वेंसिंग पर एक विस्तृत रिपोर्ट की मांग की है।
देश में कोरोना वायरस महामारी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ में जहां स्थिति नियंत्रण से बाहर है। वहीं अब उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश और दिल्ली में भी महामारी की रफ्तार तेज हो रही है। देश में पिछले 24 घंटे में कोविड 19 के 1,84,372 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,38,73,825 हुई। 1,027 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,72,085 हो गई है। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 13,65,704 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,23,36,036 है।