Advertisement

हंदवाड़ा: छेड़छाड़ मामले में एक गिरफ्तार, बाजार से हटे सेना के बंकर

जम्मू कश्मीर के हंदवाड़ा में एक लड़की के साथ कथित छेड़खानी के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वहीं स्थानीय प्रशासन ने आज हंदवाड़ा बाजार स्थित सेना ते तीन बंकरों को वहां से हटा दिया है।
हंदवाड़ा: छेड़छाड़ मामले में एक गिरफ्तार, बाजार से हटे सेना के बंकर

उत्तरी कश्मीर का हंदवाड़ा पिछले एक सप्ताह से हिंसा से जूझ रहा है। छेड़छाड़ की घटना के बाद से ही माहौत अशांत है। आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जम्मू-कश्मीर पुलिस ने छेड़छाड़ के दो आरोपियों में से एक हिलाल अहमद बंदे को कल रात हंदवाड़ा से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। छेड़छाड़ की शिकार हुई लड़की ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने अपने बयान में जिन दो लोगों का नाम बताया था, बंदे उनमें से एक है। बंदे पर आरोप है कि उसने 12 अप्रैल को इस लड़की के साथ उस समय छेड़छाड़ की थी, जब वह हंदवाड़ा शहर के एक सार्वजनिक शौचालय से बाहर आ रही थी। कश्मीर उच्च न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए लड़की को उसके पिता के साथ हंदवाड़ा के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया था। सूत्रों ने बताया कि लड़की ने अपने बयान में जिस अन्य आरोपी का नाम लिया है, उसकी तलाश जारी है ताकि पूरी साजिश का पर्दाफाश किया जा सके। शुरूआती जांच में संकेत मिलें हैं कि लड़की इन दो लड़कों में से एक की ओर से मिल रहे प्रेम प्रस्तावों को ठुकरा रही थी।

 

वहीं हिंसा प्रभावित हंदवाड़ा शहर के मुख्य बाजार से आज स्थानीय निकाय अधिकारियों ने सुरक्षा बलों के तीन बंकर हटा दिए। एक अधिकारी ने बताया हंदवाड़ा मुख्य बाजार में दुकानों की छत पर निर्मित तीन बंकरों को स्थानीय निकाय अधिकारियों ने हटा दिया है। उन्होंने बताया कि मुख्य बाजार के मध्य में बनाए गए मुख्य बंकर को भी खाली करा लिया गया है और उसे स्थानीय निकाय अधिकारियों ने अपने कब्जे में ले लिया है। अधिकारी ने बताया कि यह बंकर भी तोड़ा जाएगा और आज दोपहर दो बजे तक काम पूरा हो जाएगा। बंकर परिसरों में एक तख्ता लगाया गया है जो इस बात का परिचायक है कि इस जगह को सार्वजनिक पार्क में बदला जाएगा। स्थानीय लोग लंबे समय से इन बंकरों को हटाने की मांग कर रहे थे लेकिन सेना ने यह कहते हुए ऐस करने से मना कर दिया था कि यह सैनिकों के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हैं। पिछले सप्ताह सेना के एक जवान द्वारा एक लड़की के साथ कथित छेड़छाड़ की घटना के बाद हुई हिंसा के बाद से इन बंकरों को हटाने की मांग तेज हो गई थी। मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने लोगों से अपील की है कि वह शांति बहाल करने में मदद करें। इसके साथ ही उन्होंने हंदवाड़ा और कुपवाड़ा में हिंसा में संलिप्त रहे लोगों को कड़ी सजा देने का वादा किया है। इस हिंसा में पांच लोग मारे गए थे।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad