Advertisement

ताज के दीदार के बाद बोले योगी, ताजमहल भारत की वास्तु कला का अनमोल रत्न, हमें करना होगा संरक्षण

पिछले काफी समय से ताजमहल को लेकर जारी विवाद के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार...
ताज के दीदार के बाद बोले योगी, ताजमहल भारत की वास्तु कला का अनमोल रत्न, हमें करना होगा संरक्षण

पिछले काफी समय से ताजमहल को लेकर जारी विवाद के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को ‘ताज’ का दीदार किया। इस दौरान योगी ने ताजमहल परिसर में सफाई अभियान में हिस्सा लिया।  

ताजमहल को देखने के बाद सीएम योगी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनके आगरा दौरे पर केवल वे ही लोग सवाल उठा रहे हैं, जिन्होंने समाज को जाति के आधार पर बांट रखा है। उन्होंने कहा कि आगरा आने पर लोग आपत्ति कर रहे थे कि आखिर आगरा क्यों जा रहे हैं। हम काशी जाते हैं, तो उन्हें बुरा लगता है, अयोध्या जाते हैं तो भी उन्हें बुरा लगता है, आगरा आएं हैं, तब भी बुरा लग रहा है कि हम यहां क्यों आए हैं।

सीएम ने कहा कि ये सिर्फ उनकी आपत्ति है जिन्होंने समाज को जाति के खेमे में बांटा है। समाज को परिवारवाद, जातिवाद और भ्रष्टाचार में फंसा दिया। सीएम ने यहां 250 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने विकास का काम नहीं कराया और अब अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर लाने के लिए पर्यटन विभाग काम कर रहा है तो उन्हें पीड़ा हो रही है।

योगी बोले, लोग तमाम प्रकार की टिप्पणियां करेंगे। ताजमहल क्यों बना, कैसे बना, हमें इसमें नहीं जाना है। ताजमहल भारत की वास्तु का अनमोल रत्न है और यहां के मजदूरों के खून पसीने से बना है। इससे आगरा का व्यवसाय बढ़ता है इसलिए हम सबको इसके संरक्षण के लिए आगे आना होगा।  उन्होंने कहा कि रबर डैम का प्रस्ताव काफी समय से लंबित पड़ा था, लेकिन कोई काम नहीं हुआ।

योगी ने कहा कि आगरा को लेकर सरकार की बहुत सी योजनाएं हैं। आगरा की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि देश का एक ऐसा प्रमुख जनपद है जहां एक साथ वर्ल्ड हेरिटेज से जुड़ी 5 इमारतें हैं। प्रतिदिन 40 से 50 हजार पर्यटन आते हैं। अगर सुरक्षा और सुविधा मिले तो यह संख्या 2 से ढाई लाख हो सकती है।

इस दौरान सीएम योगी ने पिछली सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा, लोग कई वर्षों से शिलान्यास करके जाते थे और उसके बाद झांकने नहीं आते थे। आगरा उनके लिए पिकनिक स्पॉट है। हमारी सरकार के मंत्री, नेताओं के लिए आगरा साधना की धरती होगी, कोई पिकनिक स्पॉट नहीं। आगरा में जल की समस्या है। यमुना पर संकट मंडरा रहा है। इसको दूर करने के लिए रबर डैम बनाएंगे।

आदित्यनाथ ने कहा कि आगरा एयरपोर्ट एक इंटरनेशनल एयरपोर्ट की तरह विकसित होना चाहिए। सरकार ने यहां सिविल टर्मिनल के निर्माण के लिए 65 करोड़ दे दिए हैं और अब भूमि अधिग्रहण का काम होगा। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट का नाम दीनदयाल उपाध्याय रखा जाएगा। सीएम ने कहा कि 111 करोड़ की लागत से आगरा इनर रोड का काम पूरा होगा और इससे जाम से निजात मिलेगी।

 





गौरतलब है कि ताजमहल को लेकर विवाद की शुरूआत उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की बुकलेट में राज्य की विकास परियोजनाओं की सूची से ताजमहल का नाम नदारद होने से हुई थी। उसके बाद भाजपा विधायक संगीत सोम ने ताजमहल को ‘‘भारतीय इतिहास पर धब्बा’’ बताया था जबकि भाजपा सांसद विनय कटियार ने कहा था कि यह मूल रूप से शिव मंदिर ‘तेजो महालय’ है।

हालांकि, इस विवाद के बीच, गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी ने ताजमहल को भारतीयों के ‘खून पसीने’ से बनी इमारत बताते हुए इसे विश्वस्तरीय स्मारक एवं ‘भारत का गौरव’ करार दिया था।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad