Advertisement

यूपी की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी, कहा- भाजपा के 'फर्जी राष्ट्रवाद' का करेंगे पर्दाफाश

उत्तर प्रदेश में अगले साल यानी 2021 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं।...
यूपी की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी, कहा- भाजपा के 'फर्जी राष्ट्रवाद' का करेंगे पर्दाफाश

उत्तर प्रदेश में अगले साल यानी 2021 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। सत्ताधारी बीजेपी समेत तमाम राजनीतिक पार्टियां तैयारियों में जुट गई हैं। इन सबके बीच आम आदमी पार्टी (आप) ने उत्तर प्रदेश में अपने बलबूते चुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए कहा कि वह राज्य की सभी 403 सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी। ‘आप’ के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने बताया कि उनकी पार्टी राज्य का आगामी विधानसभा चुनाव अपने बलबूते पर लड़ेगी और सभी 403 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी।

संजय सिंह ने बताया कि सभी सीटों पर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा अगले 15 दिनों के अंदर कर दी जाएगी। इस वक्त 120 सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची तैयार है। आम आदमी पार्टी का यह ऐलान समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ गठबंधन की अटकलों के बीच महत्वपूर्ण माना जा सकता है। संजय सिंह ने बताया कि उनकी पार्टी ‘भाजपा के फर्जी राष्ट्रवाद और आप के असली राष्ट्रवाद’ के मुद्दे को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी।

उन्होंने कहा कि नफरत फैलाना, कोरोना वायरस से तड़पते मरीजों को उनके हाल पर छोड़ देना, सड़कों पर गड्ढे बनाना, हिंदुत्व के नाम पर हिंसक वारदात कराना, विकास की आड़ में घोटाले कराना और देश जोड़ने के बजाय उसे तोड़ना ही भाजपा का राष्ट्रवाद है। जबकि सभी नागरिकों को बिना किसी भेदभाव और पूर्वाग्रह के विकास की मुख्यधारा से जोड़ना, लोगों को बिजली, पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं मुफ्त में उपलब्ध कराना, सामाजिक सौहार्द को बनाए रखते हुए विकास की रफ्तार तेज करना आम आदमी पार्टी का राष्ट्रवाद है। सिंह ने बताया कि उनकी पार्टी सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा निकालेगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad