Advertisement

यूपी सरकार के फैसले से बिहार के भाजपा नेता परेशान, नीतीश करेंगे कार्रवाई?

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के एक फैसले से बिहार के भाजपा नेता परेशान नजर आ रहे हैं। बिहार के पर्यटन...
यूपी सरकार के फैसले से बिहार के भाजपा नेता परेशान, नीतीश करेंगे कार्रवाई?

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के एक फैसले से बिहार के भाजपा नेता परेशान नजर आ रहे हैं। बिहार के पर्यटन मंत्री नारायण प्रसाद ने बिहार और यूपी की सीमा पर चैनल का निर्माण कर गंडक नदी का मुख्य प्रवाह बदलने का विरोध किया है। दैनिक जागरण की खबर के अनुसार  इसे लेकर उन्होंने बिहार के सीएम नीतीश कुमार, जल संसाधन मंत्री संजय झा और विभाग के प्रधान सचिव को एक चिट्ठी भी लिखी है। जिसमें उन्होंने अनुरोध किया है कि चैनल निर्माण कार्य बंद किया जाए। इससे पहले पूर्व मंत्री विनय बिहारी भी इनका विरोध कर चुके हैं। उन्होंने इस मुद्दे पर विधानसभा से इस्तीफा देने तक की चेतावनी दे दी है।

इस मुद्दे पर नारायण प्रसाद ने अपने पत्र में लिखा कि उत्तर प्रदेश की एजेंसी चैनल का निर्माण कर रही है। जिससे यूपी की नदियों की मुख्य धारा बिहार की गंडक नदी में हो जाएगी। इससे चंपारण तटबंध पर दबाव बढ़ेगा, जिसका असर योगापट्टी, बैरिया तथा नौतन प्रखंड में पड़ेगा। जिससे बाढ़ के आसार होने पर बेतिया भी प्रभावित हो सकता है।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि बेतिया के एसडीओ द्वारा चैनल के निर्माण पर रोक के बाद रात में काम जारी है। इससे जनता में काफी नाराजगी है। अगर सरकार ने इस मुद्दे पर कोई निर्णय नहीं लिया तो उसकी आलोचना होनी चाहिए।

बता दें कि इस योजना का असर बिहार के चंपारण जिले के कई गांवों पर पड़ने की आशंका है। ग्रामीणों का कहना है कि यूपी के कई गांवों में हर साल बाढ़ और कटाव से तबाही मचती है। अब यूपी सरकार ऐसा चैनल बना रही है, जिससे तबाही अब बिहार के हिस्से में भी आ सकती है।

वहीं कुछ दिनों पहले ही भाजपा विधायक विनय बिहारी ने दावा किया था कि इस चैनल के बनने से योगापट्टी प्रखंड के दर्जनों गांवों को काफी नुकसान हो सकता है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad