Advertisement

यूपी के लिए कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी, 10 दिन में किसानों का कर्ज माफ, गोबर खरीद का वादा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने आज अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस महासचिव...
यूपी के लिए कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी, 10 दिन में किसानों का कर्ज माफ, गोबर खरीद का वादा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने आज अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पार्टी के मेनिफेस्टो को जारी किया। कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र को ‘उन्नति विधान’ नाम दिया है। कांग्रेस ने वादा किया है कि सूबे में सरकार बनने के बाद किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा और ये कार्य 10 दिनों के अंदर होगा।

बता दें कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पहले फेज की वोटिंग से पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और समाजवादी पार्टी (सपा) के बाद अब कांग्रेस ने भी घोषणा पत्र जारी कर दिया है।

प्रियंका गांधी ने कहा, 'सभी सुझाव यूपी की जनता से लिए गए हैं। सत्ता में आने के बाद किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। बिजली बिल माफ होंगे, कोविड प्रभावित परिवारों को 25,000 रुपये दिए जाएंगे। हम  20 लाख सरकारी नौकरियां देंगे।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि हमारी सरकार बनने पर 10 दिन में किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। जिन लोगों को आवारा पशुओं की वजह से हुए नुकसान को झेलना पड़ा उन्हें 3,000 रुपये का मुआवजा दिया जाएगा और गोधन न्याय योजना शुरू की जाएगी'।

 

प्रियंका ने कहा कि किसान छुट्टा पशु से बहुत परेशान हैं। छत्तीसगढ़ मॉडल पर इसका समाधान किया जाएगा। जिन किसानों को नुकसान हुआ है उन्हें 3 हजार रुपए दिया जाएगा। 'गोधन न्याय योजना' शुरू की जाएगी और 2 रुपए किलो गोबर की खरीद की जाएगी। जिसका उपयोग आगे वर्मी कम्पोस्ट बनाने में किया जाएगा। छत्तीसगढ़ में यह योजना चल रही है।

लखनऊ में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि हमने डेढ़ साल से कोशिश की यूपी के कोने कोने में जाएं, लोगों से चर्चा करें। बीजेपी पर तंज सकते हुए उन्होंने कहा कि दूसरी पार्टी की तरह हमने अन्य पार्टी के सुझाव अपने घोषणा पत्र में नहीं डाले। हमने संघर्ष किया लेकिन जनता के संघर्ष के मुकाबले कुछ नहीं।

प्रियंका ने कहा कि बहुत मांग उठ रही थी कि हमें पुरानी पेंशन स्कीम पर वापस जाना चाहिए इसलिए हमने बहुत चर्चा की। हम सोचते हैं कि इसमें मध्य का एक रास्ता निकाला जा सकता है।

'उन्नति विधान' में कांग्रेस के वादे

  • किसानों का पूरा कर्ज माफ होगा, सरकार बनने पर 10 दिनों के अंदर ऐसा होगा। 
  • जिन परिवारों को कोरोना की मार सबसे ज्यादा पड़ी उन्हें 25 हजार की मदद करेंगे।
  • 20 लाख नौकरियां देंगे। 12 लाख खाली पदों को भरा जाएगा। इसके साथ 8 लाख नए रोजगार के मौके उपलब्ध कराएंगे। 
  • बीमार होने पर लोगों को 10 लाख तक का इलाज मुफ्त होगा। 
  • आवारा पशुओं का नुकसान झेलने वालों को तीन हजार की मदद दी जाएगी। गोधन न्याय योजना शुरू की जाएगी। इसमें 2 रुपए किलो में गोबर खरीदा जाएगा। 
  • सफाई कर्मियों को नियमित किया जाएगा। आउटसोर्सिंग बंद करेंगे। 
  • झुग्गी वाली जमीन आपके नाम की जाएगी।
  • महिला पुलिसकर्मियों को उनके गृह जनपद में पोस्टिंग होगी। 
  • पूर्व सैनियों के लिए एक विधानपरिषद की सीट
  • पत्रकारों के खिलाफ दायर मुकदमों को खत्म करेंगे।
  • ग्राम प्रधान का वेतन छह  हजार महीना और चौकीदारों का वेतन पांच हजार तक बढ़ाया जाएगा। 
  • शिक्षकों के खाली दो लाख पदों को भरा जाएगा, एडहॉक शिक्षकों और शिक्षामित्रों का नियमितिकरण किया जाएगा। 
  • संस्कृत और ऊर्दू शिक्षकों के खाली पद भरे जाएंगे। 
  • अनुसूचित जाति और जनजाति के छात्रों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा मिलेगी।
  • कोरोना के दौरान जान गंवाने वाले कोरोना योद्धाओं के परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा।

 

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad