उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले समाजवादी पार्टी (सपा) का दामन थामने वाले स्वामी प्रसाद मौर्या अब कुशीनगर की फाजिलनगर से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। इससे पहले वह पडरौना विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने वाले थे। सरोजनी नगर से अभिषेक मिश्रा और सिराथू से पल्लवी पटेल को टिकट दिया गया है।
स्वामी प्रसाद मौर्या हाल ही में बीजेपी छोड़ सपा में आए हैं। अभिषेक मिश्रा पूर्व मंत्री हैं और पल्लवी पटेल अपना दल (के) की नेता हैं। यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने पल्लवी पटेल को उतारा है। पल्लवी पटेल अनुप्रिया पटेल की छोटी बहन हैं जबकि स्वामी प्रसाद मौर्य ने अपनी सीट बदल ली है। अभिषेक मिश्रा लखनऊ की सरोजिनी नगर से बीजेपी के राजेश्वर सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे।
बता दें कि साल 2017 के विधानसभा चुनाव में मौर्या बीजेपी के टिकट पर पडरौन से लड़े थे और जीत दर्ज की थी। कहा जा रहा है कि मौर्या अब पडरौना विधानसभा सीट से इसलिए चुनाव नहीं लड़ेंगे, क्योंकि बीजेपी में शामिल होने के बाद आरपीएन सिंह का इस सीट से चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों के लिए सात चरणों में मतदान 10 फरवरी से शुरू होगा। यूपी में सात चरणों में 10, 14, 20, 23, 27 और 3 और 7 मार्च को वोट डाले जाएंगे जबकि वोटों की गिनती 10 मार्च को होगी।
 
                                                 
                             
                                                 
                                                 
                                                 
			 
                     
                    