Advertisement

प्रत्युषा की मां ने की क्राइम ब्रांच से जांच की मांग, सीएम को लिखा पत्र

टीवी अभिनेत्री प्रत्युषा बनर्जी के अभिभावकों ने अपनी बेटी की मौत की जांच मुंबई पुलिस की अपराध शाखा से कराने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस को पत्र लिखकर गुजारिश की है। प्रत्युषा ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।
प्रत्युषा की मां ने की क्राइम ब्रांच से जांच की मांग, सीएम को लिखा पत्र

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्ी को लिखे पत्र में उन्होंने आरोप लगाया है कि प्रत्युषा की मौत के लिए उसका प्रेमी और अभिनेता-निर्माता राहुल राज सिंह ही केवल जिम्मेदार है। पत्र में कहा गया है,  वह राहुल राज सिंह की ठगी का शिकार हुई, जिसने न सिर्फ मेरी बेटी को धोखा दिया बल्कि वह उसकी मौत के लिए जिम्मेदार है, यही नहीं उसने उसकी तरह कई अन्य मासूम लड़कियों से लाखों रूपये की ठगी की। पत्र पर प्रत्युषा की मां सोमा बनर्जी के हस्तक्षार हैं और यह 13 अप्रैल को लिखा गया है।

 

पत्र में गृह राज्य मंत्री रंजीत पाटिल, मुंबई पुलिस आयुक्त दत्तात्रोय पदसलगिकर और संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) देवेन भारती को भी संबोधित किया गया है। इसमें आरोप लगाया है कि पुलिस उनकी शिकायत नहीं सुन रही है। अभिनेत्री की मां ने आरोप लगाया है कि बंगुर नगर थाने में जहां मामला दर्ज है वहां की पुलिस मामले की संजीदगी से तहकीकात करने के बजाय आरोपी को सबूत नष्ट करने की खुली छूट दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया, कि राहुल हमें और गवाहों को डरा धमका रहा है। मेरी बेटी की मौत को गलत रंग दिया जा रहा है और ऐसा बताया जा रहा है कि उसने अवसाद के कारण आत्महत्या की। पत्र में कहा गया है कि हमारी आपसे अपील है कि मामले को निष्पक्ष जांच के लिए मुंबई अपराध शाखा को स्थानांतरित कर देना चाहिए ताकि हमारी बेटी की असमय और रहस्यमय मौत के बाद इंसाफ हो सके।

 

मुख्यमंत्री को लिखे पत्र के बाद राज्य सरकार ने कहा कि ऐसा किया जा सकता है। महाराष्ट्र के गृह राज्यमंत्री रंजीत पाटिल ने यह स्पष्ट किया है कि इस मामले की तह तक जाना पुलिस की जिम्मेदारी है। उन्होंने साथ ही कहा कि यदि पुलिस का काम उचित नहीं मिला तो उसे इसके परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। पाटिल ने बताया, हमें पत्र मिल गया है और हमने पुलिस अधिकारियों से कहा है कि मामले को उच्च प्राथमिकता के आधार पर लें। जरूरत हुई तो हमें मामले को अपराध शाखा को स्थानांतरित करने में कोई आपत्ति नहीं। पाटिल ने कहा, मैंने स्वयं संबंधित पुलिस अधिकारियों से बात की है और उनसे कहा है कि प्रत्यूषा की मां के पत्र का मतलब है कि उसके अभिभावक जांच से खुश नहीं हैं तथा इस दिशा में और अधिक करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि संदेश यह जाना चाहिए कि पुलिस मामले की युद्धस्तर पर जांच कर रही है और कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad