Advertisement

SIR के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल: राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली, राहुल-खड़गे होंगे शामिल

चुनावी प्रक्रिया में कथित धांधली और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर कांग्रेस अपने आंदोलन को और तेज...
SIR के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल: राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली, राहुल-खड़गे होंगे शामिल

चुनावी प्रक्रिया में कथित धांधली और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर कांग्रेस अपने आंदोलन को और तेज करने जा रही है। कांग्रेस पार्टी आज दिल्ली के रामलीला मैदान में एक बड़ी रैली का आयोजन करेगी। इस रैली के जरिए कांग्रेस सरकार और निर्वाचन आयोग पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए उन्हें कठघरे में खड़ा करेगी।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने बताया कि आज होने वाली कांग्रेस की महारैली में हर बूथ से कार्यकर्ता भाग लेंगे। महारैली के लिए सभी पुख्ता इंतजाम कर लिए गए हैं। आयोजन के मद्देनजर सुरक्षा के पुखता इंतजाम किए गए हैं। लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता इस रैली को संबोधित करेंगे।

राहुल गांधी और खड़गे करेंगे रैली को संबोधित कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के इस रैली को संबोधित करने की संभावना है। इसके अलावा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश और सचिन पायलट समेत कई वरिष्ठ नेता भी मंच पर मौजूद रहेंगे। पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के भी रैली में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने बताया कि पार्टी ने ‘वोट चोरी’ के खिलाफ देशभर में अभियान चलाकर करीब 55 लाख हस्ताक्षर जुटाए हैं। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी ने सबूतों के साथ दिखाया है कि वोट चोरी कैसे हो रही है। उन्होंने गृह मंत्री को इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती दी, लेकिन सरकार की ओर से कोई जवाब नहीं आया।”

वेणुगोपाल ने कहा कि रैली के बाद कांग्रेस राष्ट्रपति से मिलने का अनुरोध करेगी और उन्हें 5.5 करोड़ हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन सौंपेगी। पार्टी का कहना है कि यह आंदोलन लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की रक्षा के लिए है।

यह रैली लोकसभा में चुनाव सुधारों और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच हुई तीखी बहस के कुछ ही दिनों बाद हो रही है। कांग्रेस का आरोप है कि चुनावी प्रक्रियाओं में गंभीर अनियमितताएं हो रही हैं।

कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने दावा किया है कि इस रैली में लाखों लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ सामाजिक कार्यकर्ता भी रामलीला मैदान में जुटेंगे। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि इस रैली में महागठबंधन के घटक दलों के नेता भी शामिल हो सकते हैं।

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि यह रैली ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे के साथ आयोजित की जा रही है, क्योंकि चुनाव आयोग निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा है। वहीं, भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad