Advertisement

'हम कल भी थे, आज भी हैं, आगे भी रहेंगे', सरकार और इंडिया गठबंधन को लेकर पीएम मोदी ने कहीं ये प्रमुख बातें

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का नेता चुने जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को...
'हम कल भी थे, आज भी हैं, आगे भी रहेंगे', सरकार और इंडिया गठबंधन को लेकर पीएम मोदी ने कहीं ये प्रमुख बातें

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का नेता चुने जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रहे इस गठबंधन में सही मायने में भारत की भावना, आत्मा और उसकी जड़ों का प्रतिबिंब है। राजग को एक स्वाभाविक गठबंधन करार देते हुए मोदी ने कहा कि वह अपनी अगली सरकार के सभी फैसलों में सर्वसम्मति सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि राजग सत्ता प्राप्त करने का या सरकार चलाने का कुछ दलों का जमावड़ा नहीं है बल्कि यह राष्ट्र प्रथम के प्रति समर्पित एक समूह है। अपने संबोधन में मोदी ने कहा, ‘‘हिंदुस्तान के इतने महान लोकतंत्र की ताकत देखिए कि राजग को आज देश के 22 राज्यों में लोगों ने सरकार बनाकर उनको सेवा करने का मौका दिया है। हमारा ये गठबंधन भारत की भावना है, भारत की आत्मा है और सच्चे अर्थ में भारत की जड़ों का एक अर्थ में प्रतिबिंब है।’’

एनडीए संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "मेरा मानना है कि अगर हम 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों को देखें, तो हर पैरामीटर से दुनिया मानेगी कि ये एनडीए की महाविजय है। आपने देखा कि दो दिन कैसे बीते, ऐसा लगा जैसे हम हार गए, क्योंकि उन्हें (विपक्ष को) अपने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए ऐसे काल्पनिक वादे करने पड़े। अगर गठबंधन के इतिहास में आंकड़े देखें तो ये सबसे मजबूत गठबंधन सरकार है। इस जीत को स्वीकार न करने का प्रयास किया गया..."

उन्होंने कहा कि राजग के घटक दलों का आपस में विश्वास का सेतु इतना मजबूत है और यह अटूट रिश्ता विश्वास के मजबूत धरातल पर है। उन्होंने कहा, ‘‘यह सबसे बड़ी पूंजी होती है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के 10 राज्य ऐसे हैं जहां जनजातीय समूह की संख्या प्रभावी और निर्णायक है और इनमें से सात राज्यों में राजग की सरकार है। मोदी ने कहा, ‘‘हम सर्व पंथ समभाव और संविधान को समर्पित लोग हैं। हमारा गोवा हो या हमारा पूर्वोत्तर भारत हो... जहां बहुत बड़ी मात्रा में ईसाई भाई-बहन रहते हैं। आज इन राज्यों में भी राजग को सेवा करने का अवसर मिला हुआ है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि चुनाव पूर्व गठबंधन के इतिहास में जितना सफल राजग हुआ है उतना कोई नहीं हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘यह गठबंधन की विजय हमने बहुमत से हासिल किया है। मैं कई बार कह चुका हूं सरकार चलाने के लिए बहुमत आवश्यक है लोकतंत्र का वही एक सिद्धांत है लेकिन देश चलाने के लिए सर्वमत बहुत जरूरी होता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं बहुत जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूं कि अगले 10 साल में सुशासन, विकास, नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार... मेरा व्यक्तिगत रूप से एक सपना है। सामान्य मानव के जीवन में से सरकार का दखल जितना कम होगा, उतना ही लोकतंत्र मजबूती होगा।’’

एनडीए संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "हम न हारे थे, न हारे हैं। लेकिन 4 तारीख के बाद हमारा व्यवहार हमारी पहचान बताता है कि हम जीत को पचाना जानते हैं। हमारे संस्कार ऐसे हैं कि हम जीत की गोद में उन्माद नहीं पालते और न ही हारे हुए का मजाक उड़ाने के संस्कार हमारे अंदर हैं। हम विजयी की रक्षा करते हैं और पराजित का मजाक उड़ाने की विकृति हमारे अंदर नहीं है। ये हमारे संस्कार हैं। आप किसी भी बच्चे से पूछिए कि लोकसभा चुनाव से पहले किसकी सरकार थी? वो कहेगा एनडीए। फिर उससे पूछिए कि 2024 के बाद किसकी सरकार बनी, तो वो कहेगा एनडीए...पहले भी एनडीए थी, आज भी एनडीए है, और कल भी एनडीए है...10 साल बाद भी कांग्रेस 100 सीटों का आंकड़ा नहीं छू पाई..."

उन्होंने लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने वाले राजग नेताओं को बधाई दी और कहा कि उन्हें उन लाखों जमीनी कार्यकर्ताओं को सलाम करना चाहिए जिन्होंने इस जीत को सुनिश्चित करने के लिए काम किया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad