Advertisement

भाजपा ने मोर्चा प्रभारियों में किया फेरबदल, सुनील बंसल को मिला युवा मोर्चा का प्रभार

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को संगठन के विभिन्न मोर्चों के प्रभारियों की जिम्मेदारी में...
भाजपा ने मोर्चा प्रभारियों में किया फेरबदल, सुनील बंसल को मिला युवा मोर्चा का प्रभार

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को संगठन के विभिन्न मोर्चों के प्रभारियों की जिम्मेदारी में भारी फेरबदल किया।इसके मुताबिक पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल को युवा मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है। वह पार्टी महासचिव तरुण चुघ की जगह लेंगे। चुघ अब अनुसूचित जाति मोर्चा का प्रभार संभालेंगे। पहले, यह जिम्मेदारी भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव सी टी रवि के पास थी।

चुघ ने इस बदलाव से जुड़ी सूची ‘एक्स’ पर साझा करते हुए लिखा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त मोर्चा प्रभारियों को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के नेतृत्व में संगठन द्वारा दिए गए दायित्वों का आप सभी पूरी निष्ठा और ऊर्जा से निर्वहन कर संगठन को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभायेंगे।’’

राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है। अभी तक यह जिम्मेदारी पार्टी के अन्य राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह संभाल रहे थे। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी के साथ कुछ अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे सिंह को इस जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया।

पार्टी संगठन में पिछले दिनों हुए फेरबदल में महासचिव बनाए गए राधामोहन दास अग्रवाल को अनुसूचित जनजाति मोर्चा का प्रभारी नियुक्त किया गया है। अग्रवाल से पहले पूर्व महासचिव दिलीप सैकिया के पास यह जिम्मेदारी थी। भाजपा की तेलंगाना इकाई के पूर्व अध्यक्ष और नवनियुक्त महासचिव बंडी संजय कुमार को किसान मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है। अब तक इस मोर्चे के प्रभारी रहे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा को महिला मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है।

महिला मोर्चा के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे पार्टी महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम को अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है। अब तक इस मोर्चे का प्रभार पूर्व महासचिव डी पुरंदेश्वरी के पास था। पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि पिछले साल जुलाई महीने में कुछ राष्ट्रीय महासचिव व उपाध्यक्षों की नियुक्ति के बाद इन मोर्चा प्रभारियों को मोर्चों की जिम्मेदारी सौंपा जाना एक सामान्य प्रक्रिया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad