Advertisement

यूपी में 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव, निषाद पार्टी ने दो सीटों पर दावा किया

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की घटक निषाद पार्टी ने उत्तर प्रदेश...
यूपी में 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव, निषाद पार्टी ने दो सीटों पर दावा किया

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की घटक निषाद पार्टी ने उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों के लिये होने वाले उपचुनाव में दो सीटों पर दावेदारी पेश की है।

निषाद पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने कटेहरी और मझवां विधानसभा सीटों पर दावेदारी पेश करते हुए संवाददाताओं से कहा, ''प्रदेश में 10 विधानसभा सीटों के लिये होने वाले चुनावों में दो सीटें हमारी हैं। कटेहरी और मझवा हमारी सीट रही हैं। हम इन दोनों सीटों पर भाजपा और अन्य सहयोगी दलों के साथ मिलकर उपचुनाव लड़ेंगे और निश्चित रूप से जीतेगें।''

मझवा विधानसभा सीट पर वर्ष 2022 में निषाद पार्टी के विनोद बिंद ने चुनाव जीता था। बिंद इस बार लोकसभा में भाजपा उम्मीदवार के रूप में भदोही सीट से चुनाव लड़े थे जिसमें उन्होंने जीत हासिल की थी। इसके बाद मझवा विधानसभा सीट रिक्त हो गयी है।

वहीं, कटेहरी विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के लालजी वर्मा का कब्जा था। वर्मा हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में अम्बेडकर नगर सीट से चुनाव जीतकर संसद पहुंच गये हैं, लिहाजा कटेहरी विधानसभा सीट भी खाली हो गयी है।

उत्तर प्रदेश की करहल, मिल्कीपुर, कटेहरी, कुंदरकी, गाजियाबाद, खैर मीरापुर, फूलपुर, मझवा और सीसामऊ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है। हालांकि अभी उपचुनाव कार्यक्रम घोषित नहीं हुआ है।

सीसामऊ सीट सपा विधायक इरफान सोलंकी को अदालत द्वारा सजा सुनाये जाने के चलते उनकी सदस्यता रद्द होने के चलते रिक्त हुई है। बाकी सीटों पर सम्बन्धित विधायकों के लोकसभा के लिये चुने जाने के कारण उपचुनाव लाजमी हो गया है।

प्रदेश के मत्स्य विभाग के मंत्री निषाद मंगलवार को बाढ़ प्रभावित बलरामपुर और श्रावस्ती जिलों में राहत कार्यों का जायजा लेने और बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि आपदा के समय सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad