Advertisement

दिल्‍ली में चिकनगुनिया से 4 मौतें, एक ही मंत्री शहर में मौजूद

देश की राजधानी में जानलेवा डेंगू और चिकनगुनिया का घातक असर दिखने लगा है। अस्पतालों में चिकित्‍सा की बदहाल व्‍यवस्‍था से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसी भयानक स्थिति के बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से लेकर स्वास्थ्य मंत्री सत्‍येंद्र जैन तक दिल्ली से गायब हैं। शहर में दिल्ली सरकार का सिर्फ एक मंत्री मौजूद है। वह भी दिल्‍ली के उप राज्‍यपाल और तीनों निगमों के मेयर पर बदहाल व्‍यवस्‍था के लिए आरोप लगा रहा है। दिल्ली में पिछले 24 घंटे चिकनगुनिया से मरने वालों की संख्या 4 हो गई है।
दिल्‍ली में चिकनगुनिया से 4 मौतें, एक ही मंत्री शहर में मौजूद

ऐसी परेशानी के बीच स्वास्थ्य मंत्री सत्‍येंद्र जैन पिछले 4 दिनों से गोवा में पार्टी का प्रचार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बंगलुरु चले गए हैं। कफ से परेशान केजरीवाल गले की सर्जरी कराने के लिए 10 दिनों तक बंंगलुरु में रहेंगे। 12 सितंबर को वो पंजाब से 4 दिन का प्रचार कर लौटे थे। 

उप मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया फिनलैंड रवाना हो गए हैं। ये एक सरकारी टूर है, जिसमें उनके साथ शिक्षा विभाग के अधिकारी भी हैं। गोपाल राय श्रम और रोजगार मंत्रालय छोड़कर छत्‍तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी का प्रचार कर रहे हैं। सरकार के एक और मंत्री खाद्य और पर्यावरण मंत्री इमरान हुसैन हज यात्रा में गए हुए हैं। सरकार में कपिल मिश्रा ही एक ऐसे मंत्री हैं जो इस वक्त दिल्ली में हैं। कपिल मिश्रा ने तीनों मेयर और नजीब जंग को लेकर सवाल दाग दिए। 

कपिल मिश्रा ने नगर निगम पर ज़िम्मेदारी से काम न करने का आरोप लगाया लेकिन इस सवाल का जवाब नहीं दिया कि सभी मंत्री दिल्ली से बाहर क्यों हैं। कपिल ने कहा कि दिल्ली में फोगिंग नहीं हो रही है और कूड़ा नहीं उठ रहा है। अस्पतालों में मरीजों के इलाज को व्यवस्था की जा रही है।  

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad