Advertisement

नौ राज्यसभा सीटों के लिए बीजेपी ने जारी की लिस्ट; रवनीत बिट्टू राजस्थान, कुरियन मध्यप्रदेश और किरण चौधरी हरियाणा से उम्मीदवार

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को 8 राज्यों की 9 राज्यसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए...
नौ राज्यसभा सीटों के लिए बीजेपी ने जारी की लिस्ट; रवनीत बिट्टू राजस्थान, कुरियन मध्यप्रदेश और किरण चौधरी हरियाणा से उम्मीदवार

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को 8 राज्यों की 9 राज्यसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। किरण चौधरी को हरियाणा से केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू राजस्थान से जॉर्ज कुरियन मध्य प्रदेश से और बार काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन, वरिष्ठ अधिवक्ता मनन कुमार मिश्रा बिहार से उम्मीदवार होंगे।

नौ राज्यों में 12 रिक्त राज्यसभा सीटों के लिए 3 सितंबर को चुनाव होंगे। महाराष्ट्र में 2, बिहार में 2, असम में 2 सीटें खाली हैं। वहीं, त्रिपुरा, हरियाणा, राजस्थान, ओडिशा, तेलंगाना और मध्य प्रदेश में एक-एक सीट खाली है। इन सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन बुधवार है। नामांकन पत्रों की जांच 22 अगस्त को होगी, जबकि उम्मीदवार 27 अगस्त तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। यदि आवश्यक हुआ तो 3 सितंबर को हरियाणा विधानसभा सचिवालय में सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। बीजेपी की की केंद्रीय चुनाव समिति ने राज्यसभा के उप चुनाव के लिए कुछ नामों पर स्वीकृति दी है।

केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन को मध्य प्रदेश से राज्यसभा सीट के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया, जो ज्योतिरादित्य सिंधिया के लोकसभा में चुने जाने के बाद खाली हुई थी। केंद्रीय संचार मंत्री, सिंधिया ने इस साल की शुरुआत में आम चुनावों में गुना निर्वाचन क्षेत्र से चुने जाने के बाद अपनी राज्यसभा सीट खाली कर दी थी। मध्य प्रदेश की 11 राज्यसभा सीटों में से तीन कांग्रेस के पास हैं और सात सत्तारूढ़ भाजपा के पास हैं।

केरल के नेता और वर्तमान में अल्पसंख्यक मामले, मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री कुरियन, मध्य प्रदेश विधानसभा में भाजपा की ताकत को देखते हुए आराम से जीत सकते हैं (यदि विपक्ष उम्मीदवार उतारता है और मतदान के लिए बाध्य करता है)। 230 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 163 विधायक, कांग्रेस के 64 और भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के एक विधायक हैं। फिलहाल दो सीटें खाली हैं।

राजस्थान में राज्यसभा उपचुनाव के लिए सरदार रवनीत सिंह बिट्टू को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। बिट्टू वर्तमान में केंद्रीय रेल राज्य मंत्री और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने इस साल लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़ दी थी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए थे। कांग्रेस के केसी वेणुगोपाल के लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने के कारण यह सीट खाली हुई थी।

पार्टी की वरिष्ठ नेता किरण चौधरी को हरियाणा से राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया। करीब दो महीने पहले उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी थी। हरियाणा में एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए उपचुनाव कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा के रोहतक से लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद जरूरी हो गया था। चौधरी के इस्तीफे के बाद 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 41 सदस्य, कांग्रेस के 28 और जेजेपी के 10 सदस्य हैं। विधानसभा में पांच निर्दलीय हैं, इनेलो और हरियाणा लोकहित पार्टी (एचएलपी) के एक-एक सदस्य हैं और चार सीटें खाली हैं। भाजपा को निर्दलीय विधायक नयन पाल रावत और एचएलपी विधायक गोपाल कांडा का भी समर्थन प्राप्त है। कांग्रेस को तीन निर्दलीय समर्थन दे रहे हैं।

जानें किसे कहां से मिला टिकट

राज्य        प्रत्याशी

बिहार        मनन कुमार मिश्रा

असम       मिशन रंजन दास

असम        रामेश्वर तेली

हरियाणा      किरण चौधरी

मध्य प्रदेश    जॉर्ज कुरियन

महाराष्ट्र      धैर्यशील पाटिल

ओडिशा       ममता मोहंता

राजस्थान     रवनीत सिंह बिट्टू

त्रिपुरा        राजीव भट्टाचार्जी

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad