Advertisement

राहुल गांधी के काफिले पर हमला: गुजरात, दिल्ली, मुंबई और चंडीगढ़ में कांग्रेस का प्रदर्शन

गुजरात के बनासकांठा में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की कार पर हमले के बाद से कांग्रेस कार्यकर्ता गुस्से में हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली से लेकर गुजरात तक विरोध प्रदर्शन किया।
राहुल गांधी के काफिले पर हमला: गुजरात, दिल्ली, मुंबई और चंडीगढ़ में कांग्रेस का प्रदर्शन

शुक्रवार को राहुल गांधी के काफिले पर हुए पथराव के बाद गुजरात के अमरेली, मेहसाणा, पाटन और राजकोट में कार्यकर्ताओं ने आगजनी कर प्रदर्शन किया। साथ ही, शुक्रवार शाम साढ़े सात बजे विजय टॉकीज चौराहा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंक कर जिला व ब्लाॅक कांग्रेस के नेतृत्व में विरोध जताया। वहीं, शनिवार को भी कांग्रेस ने दिल्ली, गुजरात, चंडीगढ़ और मुम्बई में विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया है।

एएनआई के मुताबिक,कांग्रेस अध्यक्ष पर हुए हमले के खिलाफ खिलाफ न सिर्फ गुजरात में ही बल्कि दिल्ली भाजपा मुख्यालय, मुम्बई, चंडीगढ़ और बिहार में कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है। वहीं, गुजरात में कांग्रेसियों के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है। 


शनिवार को अजय माकन ने ट्विट करते हुए विरोध का ऐलान किया था। दोपहर 2.30 बजे दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी अजय माकन के नेतृत्व में गुजरात के बनांसकाठा में कांग्रेस उपाध्यक्ष पर हुए हमले को लेकर एक विरोध मार्च निकालेंगे, जो कौटिल्य मार्ग से किशोर मूर्ति भवन और गुजरात भवन तक किया जाएगा। एक ओर जहां दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने विरोध मार्च निकालने का ऐलान किया था। वहीं, गुजरात कांग्रेस भी शनिवार को राज्यभर में प्रदर्शन जारी है। यह प्रदर्शन शनिवार को 11 बजे अहमदाबाद से शुरु किया गया।

गुजरात में हुई इस घटना के विरोध में पटना जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष सत्येंद्र बहादुर के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने शुक्रवार को बाढ़ मुख्यालय पर प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया और केंद्र सरकार विरोधी नारे लगाए।

वहीं, बिहार यूथ कांग्रेस अध्यक्ष कुमार आशीष ने कहा कि इस घटना की यूथ कांग्रेस निंदा करती है और इसके विरोध में शनिवार को राज्यभर में प्रदर्शन होगा। यूथ कांग्रेस के नेता राज्य में जगह-जगह प्रधानमंत्री का पुतला दहन करेंगे। उन्होंने कहा राहुल के काफिले पर हमला भाजपा की हताशा उजागर करता है।

शुक्रवार को हुई इस घटना के बाद कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला और अभिषेक मनु सिंघवी ने गुजरात में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के काफिले पर हुए हमले के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है।

बता दें कि शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित बनासकांठा में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की कार पर पथराव किया गया था, जिससे कार के शीशे टूट गए। इस दौरान कुछ लोगों ने राहुल गांधी को काले झंडे भी दिखाए। इस हमले के बाद बनासकांठा के रूनी गांव में पहुंचे राहुल गांधी ने कहा कि वो ऐसे हमलों से डरने वाले नहीं हैं। इसके अलावा राहुल गांधी ने शुक्रवार को पीएम मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा था, नरेंद्र मोदी जी के नारों से, काले झंडों से और पत्थरों से हम पीछे हटने वाले नहीं हैं, हम अपनी पूरी ताकत लोगों की मदद करने में लगाएंगे।

जिस दौरान यह घटना घटित हुई उस समय राहुल गांधी का काफिला बनासकांठा में धानेरा इलाके के लाल चौक से गुजर रही थी। इस दौरान वहां मौजूद भीड़ में से किसी ने पत्थर से गाड़ी पर हमला किया। गाड़ी के पीछे का शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। गाड़ी में आगे बैठने के कारण राहुल गांधी बाल-बाल बच गए।

बनासकांठा में बाढ़ की वजह से 61 लोगों की मौत हुई है. हमले से पहले एक कार्यक्रम में राहुल को काले झंडे भी दिखाए गए और उनके सामने मोदी-मोदी के नारे लगे.

वहीं पुलिस कह रही है कि राहुल गांधी को बुलटप्रूफ गाड़ी देने की पेशकश की गई थी लेकिन वो नहीं माने और पार्टी की गाड़ी में चले गए. गुजरात में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं और अभी संसद का सत्र भी चल रहा है. ऐसे में राहुल गांधी की गाड़ी पर हुआ ये हमला बड़े विवाद का मुद्दा बन सकता है.

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad