Advertisement

दिग्गज नेता शरद यादव के निधन पर शोक की लहर, पीएम मोदी-शाह-राहुल गांधी समेत इन नेताओं ने जताया शोक

वरिष्ठ नेता और जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का गुरूवार को गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल...
दिग्गज नेता शरद यादव के निधन पर शोक की लहर, पीएम मोदी-शाह-राहुल गांधी समेत इन नेताओं ने जताया शोक

वरिष्ठ नेता और जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का गुरूवार को गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। यादव 75 वर्ष के थे। उनके परिवार के लोगों ने यह जानकारी दी।

पूर्व केंद्रीय मंत्री यादव के परिवार में उनकी पत्नी, एक पुत्री और एक पुत्र हैं। फोर्टिस मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट के एक बयान में कहा गया है कि यादव को अचेत अवस्था में आपातकालीन वार्ड में लाया गया था।
बयान में कहा गया है, ‘‘स्वास्थ्य जांच के दौरान, उनकी नाड़ी नहीं चल रही थी या रक्तचाप दर्ज नहीं किया गया...उपचार के सभी प्रयास नाकाम रहे। रात 10.19 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।’’

यादव के सहयोगियों ने कहा कि वह गुरूवार की रात अपने छतरपुर आवास पर बेहोश हो गए और उन्हें गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। यादव लंबे समय से गुर्दे की बीमारी से पीड़ित थे और नियमित रूप से ‘डायलिसिस’ करवाते थे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यादव के निधन पर शोक जताया। मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘शरद यादव के निधन से दुखी हूं। सार्वजनिक जीवन में अपने लंबे वर्षों में, उन्होंने खुद को सांसद और मंत्री के रूप में प्रतिष्ठित किया। वे डॉ. लोहिया के आदर्शों से बहुत प्रेरित थे। मैं हमेशा अपनी बातचीत को संजोकर रखूंगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।’’

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने समाजवादी नेता शरद यादव के निधन पर शुक्रवार को शोक जताते हुए उन्हें संसद में वंचितों की आवाज उठाने वाला राष्ट्रीय नेता बताया। राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, ‘‘पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री शरद यादव के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए लड़ने वाले 70 के दशक के छात्र नेता शरद जी संसद में वंचितों की महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आवाज थे। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहन संवेदनाएं हैं।’’

 

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी शरद यादव के निधन पर शुक्रवार को शोक जताया और कहा कि वह एक लोकप्रिय नेता और कुशल प्रशासक थे जिन्होंने सार्वजनिक जीवन में उच्च मानदंड स्थापित किए। धनखड़ ने ट्वीट किया, ‘‘पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ सांसद शरद यादव जी के असामयिक निधन से दुखी हूं। वह एक लोकप्रिय नेता और कुशल प्रशासक थे जिन्होंने सार्वजनिक जीवन में उच्च मानदंड स्थापित किए। उनके परिवार के सदस्यों और शुभचिंतकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। ओम शांति।’’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव को श्रद्धांजलि दी। शाह ने कहा कि शरद यादव का हमारे बीच न रहना देश के सार्वजनिक जीवन के लिए अपूर्णिय क्षति है। पांच दशक लंबे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने हमेशा जनता के मुद्दे और पिछड़ों के मुद्दे उठाए। समाजवादी पार्टी के मूल सिद्धांतों को अंतिम सांस तक वे आगे लेकर चलते रहें। आपातकाल के खिलाफ लड़ाई लड़ कर जो नेतृत्व निकला उसमें शरद यादव प्रमुख नेता थे। मैं इस दुख की घड़ी में उनके परिवारजनों, समर्थकों, अनुयायियों को दुख सहन करने की शक्ति दे ऐसी प्रार्थना करता हूं।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि मैंने शरद यादव से राजनीति के बारे में बहुत कुछ सीखा है, वह आज हमारे बीच नहीं रहे तो काफी दु:ख हो रहा है। उन्होंने कभी अपना सम्मान नहीं खोया, जबकि राजनीति में सम्मान खोना बहुत आसान होता है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी शरद यादव के घर पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उनके परिवार को ढांढस बंधाया।
 
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी शरद यादव के निधन पर दुख जताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। खरगे ने ट्वीट किया, ‘‘देश की समाजवादी धारा के वरिष्ठ नेता, जद(यू) के पूर्व अध्यक्ष, शरद यादव जी के निधन से दुःखी हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पूर्व केंद्रीय मंत्री व दशकों तक एक उत्कृष्ट सांसद के तौर पर देश सेवा का कार्य कर, उन्होंने समानता की राजनीति को मजबूत किया। उनके परिवार एवं समर्थकों को मेरी गहरी संवेदनाएं।'

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समाजवादी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन से दुखी हूं। शरद यादव के साथ मेरा बहुत गहरा रिश्ता था। उनके निधन की खबर से स्तब्ध और दुखी हूं। वे एक प्रखर समाजवादी नेता थे। उनका निधन सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय है। उनकी आत्मा को शांति मिले।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो लालू प्रसाद ने शरद यादव के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि उनके आपसी मतभेदों के बाद भी कभी कड़वाहट नहीं पैदा हुई। प्रसाद ने सिंगापुर में अपने अस्पताल के बिस्तर से एक वीडियो बयान जारी किया। वह अभी गुर्दा प्रत्यारोपण सर्जरी के बाद स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। शरद यादव को बड़ा भाई बताते हुए प्रसाद ने दिवंगत नेता के साथ अपने पुराने जुड़ाव को याद किया। राजद प्रमुख ने कहा, ‘‘कई मौकों पर, शरद यादव और मैं आपस में लड़े। लेकिन हमारी असहमति कभी भी कड़वाहट का कारण नहीं बनी।’’

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने शरद यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी विरासत कायम रहेगी। बनर्जी ने ट्वीट किया, ‘‘शरद यादव के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। एक कद्दावर राजनेता और बेहद सम्मानित सहयोगी, उनकी विरासत बनी रहेगी।"

बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी शरद यादव के निधन पर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मंडल मसीहा, वरिष्ठ नेता, महान समाजवादी नेता, मेरे अभिभावक आदरणीय शरद यादव जी के असामयिक निधन की खबर से मर्माहत हूं। कुछ कह पाने में असमर्थ हूं।’’

राजद नेता तेजस्वी ने कहा कि उन्होंने शरद यादव के परिवार के लोगों से बातचीत की। यादव ने कहा ‘‘दुख की इस घड़ी में संपूर्ण समाजवादी परिवार उनके परिजनों के साथ है।’’

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार ने शरद यादव के निधन को भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने ट्वीट किया कि  उनके निधन पर उनके परिवार और अनुयायियों को संवेदनाएं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad