Advertisement

महिला कांग्रेस ने 20 दिन में बनाए दो लाख सदस्य, साल के अंत तक 10 लाख महिलाओं को जोड़ने का प्लान

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने शनिवार को कहा कि महिला कांग्रेस ने 20 दिनों के भीतर...
महिला कांग्रेस ने 20 दिन में बनाए दो लाख सदस्य, साल के अंत तक 10 लाख महिलाओं को जोड़ने का प्लान

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने शनिवार को कहा कि महिला कांग्रेस ने 20 दिनों के भीतर लगभग दो लाख सदस्य बनाए हैं और इस साल के अंत तक 10 लाख महिलाओं को पार्टी एवं संगठन से जोड़ने का लक्ष्य है।

लांबा ने संवाददाताओं से बातचीत में यह भी कहा कि ‘नारी न्याय’ के तहत देश की आधी आबादी को राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक न्याय देने का कांग्रेस का वादा है तथा उनका संगठन महिलाओं की लड़ाई जारी रखेगा।

लांबा ने कहा, ‘‘अखिल भारतीय महिला कांग्रेस ने 15 सितंबर को अपने स्थापना दिवस पर देशव्यापी सदस्यता अभियान की शुरूआत की थी। मुझे बताते हुए खुशी है कि मात्र 20 दिन में देश भर से लगभग दो लाख बहनों ने ऑनलाइन सदस्यता ग्रहण की। यह सिलसिला देश की आधी आबादी को राजनीति की धारा में शामिल करने के लिए जारी रहेगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘देश के हर कोने से महिलाएं सदस्यता ग्रहण कर रही हैं। 2024 के अंत तक हम देश की 10 लाख महिलाओं को पार्टी और संगठन से जोड़ेंगे। इन महिलाओं की राजनीति में भागीदारी हो, इसलिए 15 अक्टूबर के बाद नियुक्ति पत्र भी सौंपे जाएंगे।’’

लांबा के अनुसार सदस्यता शुल्क से आने वाले धन को महिलाओं के ‘लीडरशिप प्रोग्राम’ और उनके सशक्तीकरण पर खर्च किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आज महिलाओं के लिए महंगाई सबसे बड़ा मुद्दा है, इसलिए कांग्रेस ने हरियाणा में 500 रुपये का गैस सिलेंडर और प्रति माह 2000 रुपये की आर्थिक मदद देने का वादा किया है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad