Advertisement

लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान जारी, जानें दोपहर तीन बजे तक कहां-कितनी फीसदी हुई वोटिंग

लोकसभा चुनाव 2024 का आगाज आज शुक्रवार को 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की कुल 102 सीटों पर मतदान के...
लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान जारी, जानें दोपहर तीन बजे तक कहां-कितनी फीसदी हुई वोटिंग

लोकसभा चुनाव 2024 का आगाज आज शुक्रवार को 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की कुल 102 सीटों पर मतदान के पहले चरण के साथ हो गया। इनमें से 9 सीटों पर केंद्रीय मंत्रियों की किस्मत दांव पर है। पहले चरण में 1600 से ज्यादा उम्मीदवार मैदान पर हैं। इसमें दो पूर्व मुख्यमंत्री और एक पूर्व राज्यपाल की किस्मत भी मतदाताओं के हाथ में है। वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू हो गई है जो शाम 6 बजे तक जारी रहेगी। 

दोपहर 03 बजे तक का वोटिंग प्रतिशत जानें

अंडमान एंड निकोबार आइलैंड - 45.48 प्रतिशत

अरुणाचल प्रदेश - 55.05 प्रतिशत

असम - 60.70 प्रतिशत

बिहार - 39.73 प्रतिशत

छत्तीसगढ़ - 58.14 प्रतिशत

जम्मू कश्मीर - 57.09 प्रतिशत

लक्षद्वीप - 43.98 प्रतिशत

मध्य प्रदेश - 53.40 प्रतिशत

महाराष्ट्र - 44.12 प्रतिशत

मणिपुर - 63.03 प्रतिशत

मेघालय - 61.95 प्रतिशत

मिजोरम - 49.14 प्रतिशत

नागालैंड - 51.73 प्रतिशत

पुडुचेरी - 58.86 प्रतिशत

राजस्थान - 41.51 प्रतिशत

सिक्किम - 52.72 प्रतिशत

तमिलनाडु - 51.01 प्रतिशत

त्रिपुरा - 68.35 प्रतिशत

उत्तराखंड - 45.62 प्रतिशत

उत्तर प्रदेश - 47.44 प्रतिशत

पश्चिम बंगाल - 66.34 प्रतिशत

मतदाताओं पर एक नज़र 

- कांग्रेस सांसद और विरुधुनगर निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार मणिकम टैगोर ने मदुरै के थिरुनगर में अपना वोट डाला।

- शिवगंगा निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के मौजूदा सांसद और उम्मीदवार कार्ति पी चिदंबरम ने शिवगंगा के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।

- कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने राजस्थान के जयपुर में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। 

- अभिनेता सूर्या शिवकुमार ने चेन्नई के एक मतदान केंद्र पर डाला अपना वोट।

- योग गुरु बाबा रामदेव और पतंजलि आयुर्वेद के प्रबंध निदेशक आचार्य बालकृष्ण ने हरिद्वार के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।

- केंद्रीय मंत्री और उधमपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार डॉ. जितेंद्र सिंह उधमपुर में मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे।

- रजनीकांत ने चेन्नई में वोट डाला। अभिनेता विजय सेतुपति ने चेन्नई के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।

- सिक्किम के सीएम प्रेम सिंह तमांग ने गंगटोक के एक मतदान केंद्र पर लोकसभा और राज्य विधानसभा चुनाव 2024 के लिए अपना वोट डाला।

- अभिनेता और एमएनएम प्रमुख कमल हासन ने चेन्नई के कोयम्बेडु में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।

- मध्य प्रदेश: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस नेता कमलनाथ ने मतदान किया। उनके बेटे और कांग्रेस नेता नकुलनाथ छिंदवाड़ा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

- तमिलनाडु के सीएम और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने चेन्नई के एक मतदान केंद्र पर मतदान किया।

- संघ प्रमुख मोहन भागवत ने महाराष्ट्र के नागपुर में अपना वोट डाला। पहले चरण में महाराष्ट्र की 5 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। इसमें नितिन गडकरी की नागपुर सीट भी शामिल है। 

- कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने तमिलनाडु की शिवगंगा सीट पर वोट डाला। तमिलनाडु की सभी 39 सीटों पर पहले चरण में वोटिंग हो रही है। 

चुनाव आयोग के मुताबिक, पहले चरण में 16.63 करोड़ से ज्यादा वोटर्स हैं। इनमें 8.4 करोड़ पुरुष और 8.23 करोड़ महिला वोटर्स हैं। इनमें से 35.67 लाख वोटर्स ऐसे हैं, जो पहली बार वोट डालेंगे जबकि, 20 से 29 साल की उम्र के मतदाताओं की संख्या 3.51 करोड़ है। इनके लिए 1.87 लाख पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।

मध्य प्रदेश और राजस्थान की इन सीटों पर मतदान जारी

आज मध्य प्रदेश की 6 सीटों- सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट और छिंदवाड़ा

महाराष्ट्र की 5 सीटें- रामटेक, नागपुर, भंडारा-गोंदिया, गढ़चिरौली-चिमूर और चंद्रपुर

राजस्थान की 12 सीटों- गंगानगर, बीकानेर, चुरू, झुंझनू, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा और नागौर पर वोटिंग की जा रही है।

चुनावी मैदान में ये पूर्व सीएम भी मैदान में

तमिलनाडु के पूर्व सीएम ओ पनीरसेल्वम (रामनाथपुरम), उत्तराखंड के पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत (हरिद्वार), असम के पूर्व सीएम सर्बानंद सोनोवाल (डिब्रूगढ़), बिहार के पूर्व सीएम जीतन राम मांझी (गया), अरुणाचल के पूर्व सीएम नबाम तुकी (अरुणाचल पश्चिम), त्रिपुरा के पूर्व सीएम बिप्लब देब (त्रिपुरा पश्चिम), पुडुचेरी के पूर्व सीएम वी. वैद्यलिंगम (पुडुचेरी) से चुनाव मैदान में हैं।

इन दिग्गजों की साख दांव पर

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और सर्बानंद सोनोवाल, किरेन रिजिजू, भूपेंद्र यादव, संजीव बालियान, जितेंद्र सिंह, अर्जुन राम मेघवाल, नितिश प्रमाणिक, कांग्रेस नेता गौरव गोगोई, डीएमके नेता कनिमोझी, तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष अन्नामलाई, कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ की सीटों पर वोटिंग होनी है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad