Advertisement

उपचुनाव में सपा को झटका, तीन में से दो सीटों पर हारी

उत्तर प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणामों में आज सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) को झटका लगा और उसे तीन में से दो पर हार का सामना करना पड़ा है। गौरतलब है कि आठ राज्यों की 12 सीटों पर हुए विधानसभा उपचुनाव हुए थे।
उपचुनाव में सपा को झटका, तीन में से दो सीटों पर हारी

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अरुण सिंघल ने बताया कि कांग्रेस ने देवबंद सीट के उपचुनाव में जीत हासिल की है, वहीं मुजफ्फरनगर सीट भाजपा के खाते में गई है। इसके अलावा फैजाबाद की बीकापुर सीट के उपचुनाव की मतगणना अन्तिम समाचार मिलने तक जारी है। इसमें सपा प्रत्याशी आनन्द सेन अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राष्ट्रीय लोकदल के मुन्ना सिंह चौहान से काफी आगे हैं। उन्होंने बताया कि अभी हार-जीत के अंतर का आंकड़ा मिलना बाकी है। ये तीनों सीटें सपा सदस्यों के निधन के कारण रिक्त हुई थीं।

देवबंद सीट पर कांग्रेस के माविया अली ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी मीना राणा को हराया। वहीं, भाजपा के कपिल देव अग्रवाल ने मुजफ्फरनगर सीट सपा प्रत्याशी गौरव स्वरूप को हराकर जीती।

मुजफ्फरनगर सीट सपा विधायक चितरंजन स्वरूप के निधन के कारण रिक्त हुई थी। इसके अलावा देवबंद सीट सपा के राजेन्द्र सिंह राणा तथा बीकापुर सीट सपा के ही विधायक मित्रासेन यादव के निधन की वजह से खाली हुई थी। 

खडूर साहिब उपचुनाव में शिअद की जीत

पंजाब की खडूर साहिब विधानसभा सीट उपचुनाव में आज सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल ने जीत हासिल की। पार्टी के प्रत्याशी रविंदर सिंह ब्रमपुरा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय प्रत्याशी भूपिंदर सिंह को 65,664 मतों के अंतर से पराजित किया। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने चुनाव में अपने प्रत्याशी नहीं उतारे थे।

पिछले साल गुरूग्रंथ साहिब के अपवित्राीकरण के खिलाफ कांग्रेस विधायक रामजीत सिंह सिक्की के इस्तीफे के बाद सीट खाली होने पर उपचुनाव कराया गया था। 

तेलंगाना: टीआरएस ने कांग्रेस से छीनी नारायणखेड़ सीट

जीत का सिलसिला कायम रखते हुए सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति ने कांग्रेस से मेडक जिले की नारायणखेड़ विधानसभा सीट छीन ली। टीआरएस उम्मीदवार भूपाल रेड्डी ने 53,625 मतों के अंतर से इस सीट के लिए हुए उपचुनाव में जीत दर्ज की।

कांग्रेस उम्मीदवार पी संजीव रेड्डी को महज 39,451 मत मिले जबकि तेदेपा के एम विजयपाल रेड्डी केवल 14,787 वोट जुटा सके। इस सीट को अब तक कांग्रेस का गढ़ माना जाता था। इस जीत से मुख्यमंत्राी के. चंद्रशेखर राव की अगुवाई वाली टीआरएस का मनोबल और बढ़ेगा जिसने हाल ही में ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम चुनाव में 150 में से 99 सीटों पर कब्जा जमाया था। 

शिवसेना ने बचा ली पालघर विधानसभा सीट

शिवसेना महाराष्ट्र की पालघर विधानसभा सीट को बचाने में कामयाब रही है। इसके उम्मीदवार अमित घोडा ने कांग्रेस के उम्मीदवार राजेंद्र गावित को 18,948 वोटों से हराकर इस सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। घोडा को 67,129 वोट मिले हैं जबकि गावित को 48,181 वोट मिले हैं।

शिवसेना के तत्कालीन विधायक कृष्ण अर्जुन घोडा के निधन के कारण उपचुनाव जरूरी हो गए थे। घोडा का निधन 24 मई 2015 को दयाघात के चलते हो गया था। उपचुनाव में उनके बेटे अमित को शिवसेना की ओर से टिकट दिया गया था। हालांकि यह एक बहुपक्षीय मुकाबला था लेकिन असल टक्कर अमित घोडा और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री गावित के बीच ही थी। 

कर्नाटक विधानसभा उपचुनाव: भाजपा दो, कांग्रेस एक सीट पर आगे

कर्नाटक में विधानसभा उपचुनाव की मतगणना में भाजपा दो और कांग्रेस एक सीट पर आगे चल रही है। इन सीटों पर उपचुनाव के लिए गत शुक्रवार को मतदान हुआ था। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के अनुसार दोपहर तक भाजपा देवदुर्ग और हेब्बल विधानसभा क्षेत्रों में क्रमश: 15,025 और 16,171 मतों के अंतर से आगे चल रही थी और बीदर में कांग्रेस 20,248 मतों से आगे चल रही है।

इन तीनों सीटों पर सत्तारूढ कांग्रेस और विपक्षी भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। पूर्व प्रधानमंत्राी एच डी देवेगौड़ा नीत जनता दल :सेक्युलर: में राजनीतिक आंतरिक लड़ाई के कारण पार्टी तीसरे स्थान पर खिसक गई है। बेंगलूरू के हेब्बल को कांग्रेस के लिए अहम माना जाता है क्योंकि इस सीट पर पार्टी का काफी कुछ दांव पर लगा है। पार्टी ने वरिष्ठ नेता सी के जाफर शरीफ के बेटे सी के अब्दुल रहमान शरीफ को मुख्यमंत्राी सिद्धरमैया की इच्छा के खिलाफ इस सीट से उम्मीदवार बनाया है। इन तीनों में से भाजपा के पास हेब्बल एवं बिदार और कांग्रेस के पास देवदुर्ग सीट थी।

त्रिपुरा उपचुनाव में माकपा ने जीत हासिल की

सत्तारूढ़ माकपा ने आज त्रिपुरा के गोमती जिले में बीरगंज उपचुनाव में जीत दर्ज की। पार्टी प्रत्याशी परिमल देबनाथ ने भाजपा के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 10,597 मतों के अंतर से शिकस्त दी। पीठासीन अधिकारी देबप्रिया वर्धन ने संवाददाताओं को बताया कि देबनाथ को 20,355 मत मिले जबकि भाजपा के रंजीत दास को 9,758 मत हासिल हुये। कांग्रेस प्रत्याशी चंचल डे को केवल 1,231 मत मिले और उनकी जमानत जब्त हो गई। उप चुनाव 13 फरवरी को कराया गया था। यह सीट पिछले साल 10 दिसंबर को विधानसभा से मनोरंजन आचार्यजी के इस्तीफे के बाद खाली हुयी थी। उन्हें नैतिक पतन के आरोपों पर माकपा से निष्कासित कर दिया गया था।

बिहार में नीतीश सरकार को झटका देते हुए आरएलएसपी के उम्‍मीदवार सुधांशु शेखर ने हरलाखी सीट जीती। आरएलएसपी एनडीए गठबंधन में शामिल है। 

मध्य प्रदेश के मैहर में भाजपा उम्‍मीदवार नारायण त्रिपाठी कांग्रेस के मनीष पटेल से आगे चल रहे हैं। त्रिपाठी कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए थे।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad