Advertisement

महाराष्ट्र की जीत को बताया ऐतिहासिक, झारखंड में इंडी गठबंधन को दी बधाई; चुनाव नतीजों पर आया प्रधानमंत्री मोदी का रिएक्शन

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन की बड़ी जीत पर प्रधानमंत्री...
महाराष्ट्र की जीत को बताया ऐतिहासिक, झारखंड में इंडी गठबंधन को दी बधाई; चुनाव नतीजों पर आया प्रधानमंत्री मोदी का रिएक्शन

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन की बड़ी जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस जीत को ऐतिहासिक बताया। इसी के साथ उन्होंने महाराष्ट्र के लोगों को आश्वासन दिया कि गठबंधन राज्य की प्रगति के लिए काम करता रहेगा। वहीं, झारखंड में जीत पर पीएम ने हेमंत सोरेन और JMM के नेतृत्व वाले गठबंधन को बधाई दी है। बता दें कि विधानसभा चुनाव में महाविकास अघाड़ी को हार का सामना करना पड़ा। 

प्रधानमंत्री मोदी ने महाराष्ट्र के नतीजों पर एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, 'विकास की जीत! सुशासन की जीत! एकजुट होकर हम और भी ऊंचे उठेंगे। एनडीए को ऐतिहासिक जनादेश देने के लिए महाराष्ट्र के मेरे भाई-बहनों, खासकर राज्य के युवाओं और महिलाओं का हार्दिक आभार। यह स्नेह और गर्मजोशी अद्वितीय है। मैं लोगों को आश्वस्त करता हूं कि हमारा गठबंधन महाराष्ट्र की प्रगति के लिए काम करता रहेगा। जय महाराष्ट्र।'
 

झारखंड में जेएमएम गठबंधन को दी बधाई

वहीं पीएम मोदी ने झारखंड विधानसभा चुनाव के नतीजों पर कहा, 'मैं झारखंड के लोगों को हमारे प्रति उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं। हम लोगों के मुद्दों को उठाने और राज्य के लिए काम करने में हमेशा सबसे आगे रहेंगे। मैं राज्य में उनके प्रदर्शन के लिए JMM के नेतृत्व वाले गठबंधन को भी बधाई देता हूं।'

इसके अलावा प्रधानमंत्री ने अन्य राज्यों के उपचुनावों में एनडीए उम्मीदवारों को मिली जीत पर कहा है कि एनडीए के जनहितैषी प्रयासों की गूंज हर जगह सुनाई दे रही है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'मैं विभिन्न राज्यों के लोगों को विभिन्न उपचुनावों में एनडीए उम्मीदवारों को आशीर्वाद देने के लिए धन्यवाद देता हूं। हम उनके सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। मुझे एनडीए के हर कार्यकर्ता पर गर्व है, जिन्होंने जमीनी स्तर पर काम किया। उन्होंने कड़ी मेहनत की, लोगों के बीच गए और हमारे सुशासन के एजेंडे पर विस्तार से बात की।'
 

 वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र की जीत पर कह है कि प्रचंड जनादेश ने झूठ के सहारे संविधान के नकली हितैषी बनने वालों की दुकान पर ताला लगाने का काम किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'जय महाराष्ट्र। इस ऐतिहासिक जनादेश के लिए महाराष्ट्र की जनता का कोटि-कोटि वंदन। छत्रपति शिवाजी महाराज, बाबासाहेब आंबेडकर जी, ज्योतिबा फुले जी और वीर सावरकर जी की पुण्यभूमि महाराष्ट्र ने विकास के साथ-साथ संस्कृति और राष्ट्र को सर्वोपरि रखने वाले महायुति गठबंधन को इतना प्रचंड जनादेश देकर भ्रम और झूठ के सहारे संविधान के नकली हितैषी बनने वालों की दुकान पर ताला लगाने का काम किया है। यह जीत हर एक महाराष्ट्रवासी की जीत है।'

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad