Advertisement

एक्सक्लूसिव इंटरव्यूःद‌िल्ली के लिए अलग रेवेन्यू मॉडल- केजरीवाल

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में जीत के तमाम आंकड़ों-अनुमानों को पार कर इतिहास बनाया है। दिल्ली की जनता ने खुलकर आम आदमी पार्टी के लिए छप्पर फाड़कर वोट दिया। यह एक सुनामी है जिसने सिर्फ आठ महीने के भीतर दिल्ली से भाजपा का सूपड़ा साफ कर दिया। कांग्रेस का तो खाता खुलने की भी नौबत नहीं आई। नजीजे आने के बाद आम आदी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपनी पत्नी को लोगों से मिलाया और कहा कि अगर उनकी पत्नी न होतीं तो वह वहां नहीं पहुंच पाते जहां पहुंचे हैं। जाहिर है कि पत्नी के इस परिचय के जरिये उन्होंने कहीं और निशाना साधा है।दिल्ली में बिजली वितरण कंपनियों का ऑडिट करवाना उन्हों‍ने अपनी सरकार का पहला लक्ष्य बताया है। अरविंद केजरीवाल से आउटलुक की ब्यूरो प्रमुख भाषा सिंह की बातचीत के अंशः
एक्सक्लूसिव इंटरव्यूःद‌िल्ली के लिए अलग रेवेन्यू मॉडल- केजरीवाल

इतनी बड़ी जीत देखकर कैसा लग रहा है?

सच कहूं तो इतनी बड़ी जीत देखकर डर लग रहा है। इस ऐतिहासिक जीत के लिए दिल्ली के लोगों का तहे दिल से आभार।

भाजपा और कांग्रेस की यह हालत क्यों हुई?

अहंकार की वजह से भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों का नाश हुआ है और इस अंहकार से आम आदमी पार्टी के सभी लोगों को दूर रहने की जरूरत है। 

आपकी प्राथमिकता क्या रहेगी?

दिल्ली को भ्रष्टाचार मुक्त करना। बिजली और पानी के अपने वादे को पूरा करना।

क्या वजह रही आपके पक्ष में लोगों के आने का?

लोग चाहते हैं कि उनकी अपनी दिल्ली उनकी ही बनी रहे। दिल्ली में राजनीति दिल्ली के मुद्दों पर होनी चाहिए। यह बात लोगों को समझ आई और उनके दिल का छुआ।

काले धन के सवाल पर कहा जा रहा है क‌ि इसे भारत वापस लाना संभव नहीं, यह एक सियासी जुमला था। क्या ये धन लाया जा सकता है?

 बिल्कुल वापस लाया जा सकता है। ऐसा करने वाला भारत ही पहला देश नहीं होगा। अमेरिका ऐसा पहले कर चुका है। इसके लिए नीयत साफ होनी जरूरी है, जो लोगों की नहीं है।

 यह भी कहा जा रहा है क‌ि ये खाते गैर-कानूनी नहीं हैं?

ये सारी बातें भटकाने वाली हैं। सही ढंग से जांच हो, तो सच सामने आ जाए। बैंक के अधिकारियों पर शिकंजा कसा जाए तो क्यों नहीं सच उजागर होगा। 

  इतने वादे किए हैं आपने, कैसे पूरा करेंगे, धन कहां से आएगा ?

 किसी भी सरकार को धन की कमी नहीं होती। हमने अपने 49 दिनों की सरकार में करके दिखाया था। हम जानते हैं सरकार कैसे चलाई जा सकती है और किन मुद्दों पर पहले काम करना है।

 भाजपा ने जो आपके खिलाफ प्रचार किया क्या उससे भी फायदा मिला?

जी, जरूर। जिस तरह के हमले हुए, उससे दिल्ली के आम आदमी को लगा कि ऐसा सही नहीं है। इस तरह के दुष्प्रचार ने भी हमारी मदद की। मेरे बच्चों, मेरे गोत्र तक को खींच लाए, यह सही नहीं है। मैं बहुत सामान्य इंसान हूं और किसी के खिलाफ कोई व्यक्तिगत आरोप लगाने में विश्वास नहीं करता। हमें जनता ने मुद्दों पर, दिल्ली में बड़े परिवर्तन के लिए हमें साथ दिया है और हमारा सारा ध्यान उसे पूरा करने पर है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad