Advertisement

शत्रुघ्न सिन्हा की कांग्रेस में एंट्री टली, इसलिए अब 6 अप्रैल को शामिल होने के आसार

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की ओर से पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र से टिकट काटे जाने के बाद नाराज अभिनेता...
शत्रुघ्न सिन्हा की कांग्रेस में एंट्री टली, इसलिए अब 6 अप्रैल को शामिल होने के आसार

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की ओर से पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र से टिकट काटे जाने के बाद नाराज अभिनेता से राजनेता  बने शत्रुघ्न सिन्हा की कांग्रेस में एंट्री फिलहाल टल गई है। उनके कांग्रेस में शामिल होने की खबरें पिछले कई दिनों से थी। भाजपा की ओर से टिकट कटने और रविशंकर प्रसाद को पटना साहिब से उम्मीदवार बनाए जाने के बाद शत्रुघ्न सिन्हा का कांग्रेस में आना तय माना जा रहा है। आज उन्हें कांग्रेस ज्वाइन करना था, लेकिन सिन्हा के कांग्रेस में शामिल होने की बात अभी टल गई है और अब वह 6 अप्रैल को आधिकारिक तौर पर कांग्रेस ज्वाइन करेंगे।

6 अप्रैल को कांग्रेस में शामिल होंगे सिन्हा

बिहार के कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने ट्वीट कर बताया कि 6 अप्रैल को शत्रुघ्न सिन्हा आधिकारिक तौर पर कांग्रेस में शामिल होंगे। उन्होंने ट्वीट किया, 'सांसद, नेता/अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा जी आज कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जी से मिले। वह सच बोलते रहे हैं, खामोश नहीं रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रहित में लिए कांग्रेस पार्टी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करने का निश्चय किया है। 6 अप्रैल को आधिकारिक तौर पर कांग्रेस में शामिल होंगे।'

लोगों का प्यार मेरे साथ रहेगा

कांग्रेस में शामिल होने और पटना साहिब से उम्मीदवारी को लेकर शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि सेचुएशन जो भी हो लोकेशन वही रहेगी यानी पटना साहिब। नवरात्र के शुभ मुहुर्त और घड़ी में इसकी घोषणा होगी। उन्होंने आगे कहा, 'मैं किसी के खिलाफ नही लड़ूंगा। लोगों का प्यार मेरे साथ रहेगा।'

शत्रुघ्न सिन्हा को कांग्रेस ज्वाइन करने के संशय के पीछे ये वजह

लोकसभा चुनाव 2019 से पहले शत्रुघ्न सिन्हा भारतीय जनता पार्टी और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ लगातार बगावती तेवर अपनाए हुए थे, जिस कारण पार्टी ने आगामी आम चुनाव के लिए उन्हें पटना साहिब से टिकट नहीं दिया। टिकट कटने से पहले ही उन्होंने बीजेपी छोड़ने के संकेत दे दिए थे। बीजेपी की ओर से टिकट काटे जाने के बाद शत्रुघ्न सिन्हा गुरुवार साढ़े 11 बजे कांग्रेस में शामिल होने वाले थे और इसके लिए कांग्रेस की ओर से बाकायदा प्रेस कॉन्फ्रेन्स का आयोजन किया जाना था। लेकिन बिहार में आरजेडी और कई अन्य दलों के साथ बने गठबंधन में कांग्रेस के शामिल होने और सीटों के बंटवारा तय नहीं होने से यह आयोजन स्थगित कर दिया गया। 

राहुल से मिलने पहुंचे शत्रुघ्न ने कहा-ऑल इज वेल

अपने कांग्रेस में ज्वाइनिंग टलने की खबर मिलने के बाद शत्रुघ्न सिन्हा राहुल गांधी से मिलने उनके आवास पहुंचे। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि महागठबंधन में सब कुछ ऑल इज वेल है। चुनाव लड़ने की बात पर उन्होंने अपनी वही पुरानी बात दोहराई कि सिचुएशन कुछ भी हो लोकेशन वही रहेगा। मेरी तरफ से सबकुछ ठीक है। उन्होंने कहा कि छह अप्रैल का दिन शुभ है और उसी दिन हम कांग्रेस का हाथ थामेंगे।

कांग्रेस की ओर से कर दिया गया था ऐलान

कांग्रेस की ओर से कर दिया गया था ऐलान शत्रुघ्न सिन्हा के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर राज्यसभा सांसद और चुनाव अभियान समिति के चेयरमैन अखिलेश प्रसाद सिंह ने दो दिन पहले पटना में ऐलान किया था। अखिलेश प्रसाद सिंह ने 28 मार्च को शत्रुघ्न सिन्हा के राहुल गांधी की उपस्थिति में कांग्रेस में शामिल होन की बात कही थी। बिहार में गठबंधन में शामिल दलों में टिकट बंटवारे को लेकर स्थिति साफ नहीं होने के चलते शत्रुघ्न सिन्हा का कांग्रेस में शामिल होने और पटना साहिब से उम्मीदवार घोषित करने का प्रोग्राम मुल्तवी किया गया है।

खुलकर पीएम मोदी की करते रहे हैं आलोचना

शत्रुघ्न सिन्हा दो बार पटना साहिब सीट से भाजपा से लोकसभा के सदस्य रह चुके हैं लेकिन पिछले काफी दिनों से वह पार्टी के खिलाफ खासे मुखर थे। उनके टिकट काटे जाने की आशंकाएं पहले से चल रही थीं। उनके कांग्रेस में शामिल होने के दौरान कांग्रेस के कई बड़े नेता भी मौजूद रहेंगे।

शत्रुघ्न सिन्हा खुलेआम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की आलोचना करते रहे हैं। कुछ समय से अटकलें लगाई जा रही थीं कि वह कांग्रेस में शामिल होंगे। बिहार में कांग्रेस के साथ राजद और अन्य दल महागठबंधन में शामिल हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष को बताया 'मास्टर ऑफ सिचुएशन'

इससे पहले सोशल मीडिया पर लगातार पीएम मोदी के विरोध में और कांग्रेस के पक्ष में लिखने वाले शत्रुघ्न सिन्हा ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की जमकर तारीफ की और उन्हें 'मास्टर ऑफ सिचुएशन' बताया। सिन्हा ने कहा कि राहुल गांधी की 'न्यूनतम आय गारंटी योजना' (न्याय) तेा एक मास्टरस्ट्रोक है।

शत्रुघ्न सिन्हा पर भाजपा नेता सुशील मोदी के ट्वीट पर अखिलेश सिंह ने कहा कि शत्रुघ्न सिन्हा के खिलाफ सुशील मोदी चुनाव लड़ कर देखें उनकी जमानत जब्त हो जाएगी। शत्रुघ्न सिन्हा को आगे करके यह लोग भीड़ इकट्ठा करते थे और अब शत्रुघ्न सिन्हा पर टिप्पणी कर रहे हैं यह शोभा नहीं देता है।

आडवाणी के टिकट कटने पर जताई थी नाराजगी

भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी का गांधीनगर से टिकट कटने पर शत्रुघ्न सिन्हा ने भाजपा नेतृत्व को न्यूटन का तीसरा नियम याद दिलाते हुए कहा था कि हर क्रिया की प्रतिक्रिया होती है। शत्रुघ्न सिन्हा ने लालकृष्ण आडवाणी को पिता-तुल्य बताते हुए उनके साथ पार्टी में हुए सलूक पर नाराजगी भी जाहिर की थी। शत्रुघ्न सिन्हा के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाएं पिछले कई दिनों से चल रही थीं, लेकिन इसे लेकर फैसला केंद्रीय नेतृत्व को करना था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad