Advertisement

लोकसभा चुनाव: छठे चरण में 63.49 फीसदी वोटिंग, दिल्ली में 59.73 फीसदी मतदान

लोकसभा चुनाव के छठे दौर के लिए सात राज्यों की 59 लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ। छठे चरण में कुल 63.49 फीसदी मतदान...
लोकसभा चुनाव: छठे चरण में 63.49 फीसदी वोटिंग, दिल्ली में 59.73 फीसदी मतदान

लोकसभा चुनाव के छठे दौर के लिए सात राज्यों की 59 लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ। छठे चरण में कुल 63.49 फीसदी मतदान दर्ज हुआ। इस चरण में दिल्ली की सभी सात और हरियाणा की सभी दस सीटों के अलावा उत्तर प्रदेश की 14, बिहार, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल की आठ-आठ और झारखंड की चार सीटों पर वोट डाले गए। पिछले पांच चरण के चुनाव में 543 लोकसभा सीटों में से अब तक 424 सीटों पर मतदान हो चुका है।

पश्चिम बंगाल में 80.35 फीसदी, दिल्ली में 59.73 फीसदी, हरियाणा में 68.34 फीसदी, उत्तर प्रदेश में 54.74 फीसदी, बिहार में 59.29 फीसदी, झारखंड में 64.50 फीसदी, मध्य प्रदेश में 64.76 फीसदी वोटिंग हुई।

इस चरण के प्रमुख चेहरे

छठे दौर में केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह, हर्षवर्धन और मेनका गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया हैं। इसमें भाजपा की कड़ी परीक्षा है क्योंकि 2014 में उसे 59 में से 45 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। जबकि टीएमसी को आठ, कांग्रेस को दो और सपा और लोजपा को एक-एक सीट पर जीत मिली थी।

फर्जी वोटिंग का आरोप

दक्षिणी दिल्ली से आप उम्मीदवार राघव चड्ढा ने आरोप लगाया कि भाजपा फर्जी वोटिंग करवा रही है। उन्होंने कहा एक आदमी चार बार वोट डाल रहा है। हमने ऐसे 8-10 लोगों को रंगे हाथों पकड़ा है। रमेश बिधूड़ी (भाजपा उम्मीदवार) बुरी तरह हार रहे हैं इसलिए ऐसी रणनीति अपना रहे हैं।

आजमगढ़ में EVM खराबी की शिकायत

सपा ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर कहा है कि चुनाव आयोग आज़मगढ़ लोकसभा क्षेत्र के गोपालपुर से आ रही शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई कर निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करे।

राहुल गांधी ने डाला वोट

राहुल गांधी ने दिल्ली में औरंगजेब लेन स्थित मतदान केंद्र पर वोट डाला। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा- चुनाव तीन-चार मुद्दों पर लड़ा गया है और यह जनता के मुद्दे हैं, कांग्रेस के नहीं। इनमें एक मुद्दा बेरोजगारी है। दूसरा किसान, तीसरा अर्थव्यवस्था और चौथा भ्रष्टाचार और राफेल का। नरेंद्र मोदी ने नफरत का प्रयोग किया और हमने प्यार का। जनता मालिक है, वही निर्णय करेगी।

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में भाजपा उम्मीदवार मेनका गांधी की गठबंधन प्रत्याशी सोनू सिंह के साथ तीखी बहस हुई। मेनका गांधी ने सोनू पर मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगाया।

प. बंगाल में हिंसा, एक भाजपा कार्यकर्ता की मौत

पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर में दो बीजेपी कार्यकर्ताओं को चुनाव हिंसा में गोली लगी। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं बंगाल के झारग्राम में भारतीय जनता पार्टी के बूथ कार्यकर्ता मिला है, मृत व्यक्ति का नाम रामेन सिंह बताया जा रहा है। इसके अलावा मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मरधारा के कांठी में टीएमसी कार्यकर्ता को मारा गया है। टीएमसी के सुधाकर मैती रविवार रात से ही गायब थे, लेकिन बाद में उनका शव मिला। 

 979 प्रत्याशी मैदान में

छठे चरण के लिये आयोग द्वारा जारी प्रत्याशियों की सूची के अनुसार इस चरण के चुनाव मैदान में कुल 979 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला हुआ। इनमें दिल्ली की 7 सीटों के लिए कांग्रेस, भाजपा और आप सहित विभिन्न दलों के 164 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad