प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विट कर भाजपा के स्थापना दिवस पर देशभर के पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि हम गर्व से भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत को याद करते हैं जिन्होंने एक-एक ईंट से पार्टी की इमारत को खड़ा किया।
उन्होंने कहा कि यह गौरव की बात है कि भारत और समाज के सभी वर्गों के लोगों ने भाजपा पर भरोसा जताया है। मोदी ने सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
एक अन्य ट्वीट में पीएम ने कहा कि अंत्योदय के मंत्र का पालन करते हुए हम भारत, खासकर गरीबों एवं वंचितों की सेवा करने के अपने प्रयासों को पूरे जोश से आगे बढ़ाते रहेंगे।
इस खास अवसर पर पीएम मोदी के अलावा गृहमंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री अरूण जेटली, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने ट्विट कर कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
भाजपा के लोकसभा और राज्यसभा के सभी सांसद आज पार्टी स्थापना दिवस पर अपने लोकसभा क्षेत्र या राज्य के अलावा दूसरे लोकसभा क्षेत्र या राज्य में एक दिन और एक रात बिताएंगे।
गौरतलब है कि 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी के नाम से नई पार्टी का गठन हुआ। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी पार्टी के पहले अध्यक्ष बने। इससे पहले 1977 से 1979 तक इसे जनता पार्टी और उससे पहले 1951 से 1977 तक भारतीय जन संघ के नाम से जाना जाता रहा है।
 
                                                 
                             
                                                 
                                                 
                                                 
			 
                     
                    