Advertisement

मणिपुर चक्रवात का भयानक असर, 4 लोगों की मौत, 1 लाख से अधिक लोग प्रभावित

पूर्वोत्तर के राज्य मणिपुर और असम के कई हिस्से रेमल चक्रवात से जूझ रहे हैं। राज्य में हो रही भारी बारिश...
मणिपुर चक्रवात का भयानक असर, 4 लोगों की मौत, 1 लाख से अधिक लोग प्रभावित

पूर्वोत्तर के राज्य मणिपुर और असम के कई हिस्से रेमल चक्रवात से जूझ रहे हैं। राज्य में हो रही भारी बारिश के कारण अब तक मणिपुर में 4 लोगों की मौत हो चुकी है साथ ही 13 लोग घायल भी हुए हैं। इसके अलावा चक्रवात के कारण राज्य में तकरीबन 1 लाख लोग प्रभावित हो चुके हैं। चक्रवात रेमल के कारण पिछले एक हफ्ते से हो रही लगातार बारिश के कारण इंफाल शहर से गुजरने वाली अधिकांश नदियों का जलस्तर काफी तेजी से बढ़ गया है।

इंफाल के स्थानीय अखबार के अनुसार, 28 से 31 मई के बीच, चक्रवात के कारण 5 लोगों की जान जा चुकी है जिनमें से 2 सेनपति और 3 इंफाल जिले के रहने वाले थे। वहीं शुक्रवार को राहत एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में 255 गांव एवं बस्तियों के कुल 1,26,364 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि 20,504 फंसे हुए लोगों को निकाला गया है। इसके अलावा 522 हेक्टेयर फसल वाली क्षेत्र प्रभावित हुई है, वहीं पहाड़ी जिलों के कई इलाकों में पिछले तीन दिनों से कम समय में 292 भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। आधिकारिक रिपोर्ट की माने तो चक्रवात से प्रभावित लोगों के लिए 51 रिलीफ कैंप खोला गया है।

आपको बता दें कि रविवार से ही इंफाल से होकर गुजरने वाली कई नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। आधिकारिक रिपोर्ट में कहा गया कि इंफाल पश्चिम और इंफाल पूर्वी जिलों में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) को तैनात किया गया है। वहीं इंफाल पश्चिम जिले में वायु सेना, नौसेना और सेना को भी तैनात किया गया है। आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक इंफाल पूर्व, इंफाल पश्चिम, बिष्णुपुर, जिरीबाम, नोनी, कांगपोकपी, तामेंगलोंग, चंदेल, चुराचांदपुर, सेनापित और काकचिंग सहित कई बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत की सामग्रियां वितरित की गई हैं। वहीं बचाव अभियान में तैनात असम राइफल्स के अनुसार, अब तक कुल 2,561 लोगों को बचाया गया है, जिनमें 969 पुरुष, 992 महिलाएं और 601 बच्चे शामिल हैं।

शुक्रवार को मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने राज्य के मुख्य सचिव विनीत जोशी के साथ इंफाल के बाढ़ से प्रभावित पौना बाजार का दौरा किया। दौरे के बाद मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा, "आज सुबह मुझे माननीय गृह मंत्री अमित शाह जी का फोन आया, जिसमें उनसे चक्रवात रेमल के बाद मणिपुर में बाढ़ की स्थिति के बारे में बात हुई। स्थिति के बारे में अपनी गहरी चिंता व्यक्त करते हुए, अमित शाह जी ने हमें इन चुनौतीपूर्ण समय के दौरान केंद्र सरकार से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। हम उनकी सक्रिय सहायता और अटूट प्रतिबद्धता के लिए वास्तव में आभारी हैं।"

वहीं मुख्यमंत्री ने एक्स पर एक और पोस्ट किया जिसमें उन्होंने लिखा, "मैं मणिपुर के लोगों के साथ मिलकर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने इस चुनौतीपूर्ण समय में अपने समर्थन की बात कही। मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की अनुग्रह राशि चक्रवात रेमल से प्रभावित लोगों की सहायता करने के लिए आपकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है।"

गुरुवार शाम को, राज्य के जल संसाधन मंत्री अवांगबो न्यूमई ने इंफाल में पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि सरकार बाढ़ को नियंत्रित करने के लिए अधिकतम प्रयास कर रही है और उन्होंने कहा कि इंफाल नदी 18 स्थानों पर टूट गई है, जिससे ओवरफ्लो, स्लाइडिंग और रिसाव हो रहा है, जबकि नम्बुल नदी के साथ चार स्थानों पर यह टूट गई है, जिससे ओवरफ्लो हो रहा है। उन्होंने आगे कहा कि नदियों के प्रभावित क्षेत्रों को नियंत्रण में कर लिया गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad