Advertisement

दिल्ली में भाजपा की ‘भीम महासंगम रैली’, दलितों के घर से आए दाल-चावल से बनी 5000 किलो खिचड़ी

लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दलित मतदाताओं को आकर्षित करने की कोशिशें शुरू कर दी...
दिल्ली में भाजपा की ‘भीम महासंगम रैली’, दलितों के घर से आए दाल-चावल से बनी 5000 किलो खिचड़ी

लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दलित मतदाताओं को आकर्षित करने की कोशिशें शुरू कर दी है। इस सिलसिले में रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में भाजपा की ओर से 'भीम महासंगम विजय संकल्प-2019 रैली' का आयोजन हुआ। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच पांच हजार किलो 'समरसता खिचड़ी' पकाकर बांटी गई। इस रैली में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने भी हिस्सा लिया।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, दिल्ली भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष मोहनलाल गिहारा ने कहा कि तकरीबन तीन लाख दलित घरों से जुटाए गए चावल और दाल से 5,000 किलोग्राम खिचड़ी पकाएगी।  इस समरसता खिचड़ी के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के सभी 14 जिलों के परिवारों के घर-घर जाकर चावल, दाल, नमक व अन्य सामग्री को इकट्ठा किया है। इस इकट्ठा किए गए अनाज से ही खिचड़ी पकेगी। चावल और दाल इकट्ठा करने के दौरान भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने 14 लाख पर्चे बांटे और मोदी सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार किया।

बनेगा रिकॉर्ड

गिहारा ने कहा, “हम इस कार्य को विश्व रिकार्ड के तौर पर दर्ज करने के लिए गिनीज बुक से भी संपर्क में हैं।’’मौजूदा विश्व रिकार्ड 918.8 किलोग्राम खिचड़ी बनाने का है। नवंबर 2017 में दिल्ली में आयोजित वर्ल्ड फूड इंडिया फेस्टिवल में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय और मशहूर शेफ संजीव कपूर के नेतृत्व में यह रिकार्ड बनाया गया।

नागपुर के शेफ ने पकाई खिचड़ी

गिहारा ने कहा कि नागपुर के शेफ विष्णु मनोहर और उनकी टीम को रैली में समरसता खिचड़ी पकाने के लिए आमंत्रित किया गया है। इस रैली में 50,000 लोगों के आने की संभावना है। मनोहर और उनकी टीम ने एक बरतन में 3,000 किलोग्राम खिचड़ी बनाने का प्रयास किया था। गिहारा ने बताया कि खास तौर पर तैयार बरतन का व्यास 20 फुट है और इसकी गहराई छह फुट है। इसमें चावल, दाल, नमक और पानी डालकर 5,000 किलोग्राम खिचड़ी बनायी गई।  

दलित वोट बैंक पर नजर

2014 के लोकसभा के समय दूसरे दलों से कई अनुसूचित जाति के नेताओं (उदित राज समेत) ने भाजपा का दामन थामा था। लेकिन दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी दलितों का एक बड़ा तबका अपने साथ लेने में सफल रही थी। यही कारण है कि भाजपा ने दलितों को एक बार फिर साधने की रणनीति बनाई है। इस रैली में दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी, थावर चंद गहलोत, रामलाल, श्याम जाजू समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad