Advertisement

अरेस्ट प्रियंका गांधी वाड्रा का वर्चुअल संबोधन, कहा- तानाशाह सरकार के आगे नहीं झुकेंगे, कल सीतापुर पहुंचेंगे राहुल गांधी

किसानों के परिजनों से मिलने की कोशिश में अरेस्ट की गईं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी...
अरेस्ट प्रियंका गांधी वाड्रा का वर्चुअल संबोधन, कहा- तानाशाह सरकार के आगे नहीं झुकेंगे, कल सीतापुर पहुंचेंगे राहुल गांधी

किसानों के परिजनों से मिलने की कोशिश में अरेस्ट की गईं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार रात अपने कार्यकर्ताओं को वर्चुअली संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हम सब कांग्रेस के सिपाही हैं। हम जानते हैं कि किसानों ने देश के लिए क्या किया है। हम समझते हैं किस देश की रीढ़ की हड्डी किसान हैं। हम सरकार के जैसे कायर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हम सरकार की तानाशाही के आगे नहीं झुकेंगे। वे जितना मुझे रोकने की कोशिश करेंगे मैं उतनी ही बुलंदी से किसानों की आवाज उठाऊंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि हम कांग्रेसी तब तक अपना संघर्ष खत्म नहीं करेंगे जब तक केंद्रीय गृह राज्य मंत्री का अपराधी बेटा गिरफ्तार नहीं हो जाता। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि मैं जैसे ही यहां से निकलूंगी, सबसे पहले आप सबसे ही मिलूंगी। वहीं,, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी कल लखनऊ से सीतापुर होते हुए लखीमपुर खीरी जाएंगे। इसके लिए यूपी सरकार से मंजूरी मांगी गई है।

प्रियंका गांधी ने दो दिनों से संघर्ष कर रहे कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि आप देश के किसानों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। जब कोई किसान संघर्ष या आंदोलन में जान गंवाता है तो हम उसे शहीद कहते हैं। आज देश में ऐसी कायर सरकार है, जिसके गृह राज्यमंत्री खुलेआम लोगों को धमकाते हैं। उनका बेटा किसानों को खुलेआम गाड़ी से कुचल देता है। सरकार उन पर कार्रवाई करने के बजाय एक महिला के पीछे पूरा पुलिस प्रशासन लगा देती है।। जब ये हादसा हुआ तो कहां थी ये पुलिस, कहां थी ये सरकार, कहां था ये प्रशासन। बता दें कि प्रियंका को हिरासत में लिए जाने के बाद से ही सीतापुर में गेस्ट हाउस में रखा गया है। कार्यकर्ता इसके बाहर जुटे हुए हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी जी मैं आपसे पूछना चाहती हूं कि आपकी नैतिकता कहां है? एक पुरान श्लोक है- एकमेव परमो धर्म: यद राजा रक्षित प्रजा, उत्थानाम ही यथा धर्म: रक्षणम परमो दया। इसका अर्थ है- जनता की रक्षा सबसे बड़ा धर्म है। सभी जीवों के प्रति रक्षा और दया रखना एक राजा का धर्म है। आज मोदी जी आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के लिए यहां से 100 किलोमीटर दूर आए थे। लेकिन पीएम किसानों के आंसू पोछने के लिए लखीमपुर खीरी नहीं आ पाए

प्रियंका को सीतापुर में पीएसी के गेस्ट हाउस में 30 घंटे हिरासत में रखने के बाद गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ धारा 144 के उल्लंघन और शांति भंग की आशंका जैसी धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस ने गेस्ट हाउस को ही अस्थाई जेल के रूप में तब्दील कर दिया है। प्रियंका समेत 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा और यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के नाम भी शामिल हैं।

वहीं,, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी कल लखनऊ से सीतापुर होते हुए लखीमपुर खीरी जाएंगे। राहुल 5 सदस्यीय कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के साथ सुबह 12:30 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी को देखते हुए कांग्रेस सांसद का लखनऊ से बाहर जाना मुश्किल लग रहा है। कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर राहुल गांधी के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल को बुधवार को लखीमपुर खीरी जाने की अनुमति मांगी है। वेणुगोपाल ने चिट्‌ठी में लिखा कि जिस तरह यूपी सरकार ने पश्चिम बंगाल के नेताओं को लखीमपुर खीरी जाने की अनुमति दी उसी भावना से कांग्रेस को भी अनुमति दी जानी चाहिए।

रविवार को लखीमपुर खीरी में को हुई हिंसा मामले में अब छह सदस्यीय एसआईटी टीम जांच करेगी। आईजी लखनऊ ने बताया कि इस मामले में केंद्रीय गृहराज्य मंत्री के बेटे आशीष मिश्रा को नामजद आरोपी बनाया है। सूत्रो के अनुसार, मामले की न्यायिक कमेटी से भी जांच कराई जानी है।

प्रियंका की गिरफ्तारी से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता पीएसी गेस्ट हाउस के बाहर हंगामा किया। उन्होंने बैरिकेड्स तोड़ दिए और नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प भी हुई।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad