Advertisement

'अरविंद केजरीवाल कल लुटियंस दिल्ली के फिरोजशाह रोड पर बंगला नंबर 5 में शिफ्ट हो जाएंगे': आम आदमी पार्टी

आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को लुटियंस दिल्ली के फिरोजशाह रोड पर बंगला नंबर 5...
'अरविंद केजरीवाल कल लुटियंस दिल्ली के फिरोजशाह रोड पर बंगला नंबर 5 में शिफ्ट हो जाएंगे': आम आदमी पार्टी

आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को लुटियंस दिल्ली के फिरोजशाह रोड पर बंगला नंबर 5 में शिफ्ट हो जाएंगे। कुछ दिन पहले ही उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। 

आप मुख्यालय के नजदीक स्थित यह बंगला आधिकारिक तौर पर पंजाब से पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल को आवंटित किया गया था।

इससे पहले दिन में पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया राजेंद्र प्रसाद रोड स्थित बंगले में शिफ्ट हो गए। पार्टी नेताओं ने बताया कि यह घर आप के राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह का आधिकारिक आवास था।

आप नेता सौरभ भारद्वाज ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया, "केजरीवाल शुक्रवार को पंजाब से आप सांसद अशोक मित्तल के 5, फिरोजशाह रोड स्थित आवास में चले जाएंगे।"

भारद्वाज ने कहा कि केजरीवाल द्वारा उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस स्थित 6, फ्लैगस्टाफ रोड आवास छोड़ने का निर्णय लेने के बाद, सांसदों, विधायकों और पार्षदों सहित पार्टी के कई नेताओं ने उन्हें अपने मकान देने की पेशकश की थी। केजरीवाल वर्ष 2015 से मुख्यमंत्री के रूप में यहीं रह रहे थे।

केजरीवाल का नया आवास, जहां वे अपने परिवार के साथ रहेंगे, रविशंकर शुक्ला लेन स्थित आप मुख्यालय के नजदीक है।

पार्टी नेताओं ने बताया कि नई दिल्ली क्षेत्र में रहते हुए, जो उनका विधानसभा क्षेत्र भी है, केजरीवाल दिल्ली और अन्य राज्यों में आगामी चुनावों के लिए आप के अभियान की देखरेख करेंगे।

कथित आबकारी नीति घोटाले के सिलसिले में पांच महीने से अधिक समय तक तिहाड़ जेल में बंद रहने के बाद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के अपने फैसले से सभी को आश्चर्यचकित कर दिया।

उन्होंने इस्तीफा देने की घोषणा करते हुए कहा कि वह अगले वर्ष फरवरी में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनावों में जनता से "ईमानदारी का प्रमाण पत्र" मिलने के बाद ही मुख्यमंत्री पद पर लौटेंगे।

6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित जिस मकान में केजरीवाल अपनी पत्नी, बच्चों और बुजुर्ग माता-पिता सहित अपने परिवार के साथ रहते थे, उसके पुनर्निर्माण में कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा ने इसे "शीश महल" करार दिया था।

पार्टी नेताओं ने कहा कि सिसोदिया अपने परिवार के साथ मथुरा रोड स्थित एबी-17 बंगले से चले गए हैं, जो पहले उन्हें दिल्ली के उपमुख्यमंत्री के तौर पर आवंटित किया गया था। मार्च 2023 में आबकारी नीति मामले में सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद यह बंगला दिल्ली सरकार की मंत्री और अब मुख्यमंत्री आतिशी को आवंटित किया गया था।

उन्होंने बताया कि आतिशी मुख्यमंत्री बनने के बाद भी अपने कालकाजी विधानसभा क्षेत्र के घर में रहती हैं, जबकि सिसोदिया और उनका परिवार मथुरा रोड स्थित बंगले में रह रहा है।

हाल ही में 'जेड' श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त करने वाली आतिशी का नया पता अभी तय नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि वह मथुरा रोड स्थित आवास में रहेंगी या 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगले में रहेंगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad