संसद भवन परिसर में क्या अब धरना प्रदर्शन पर भी रोक रहेगी? इससे जुड़ा एक आदेश शेयर करते हुए कांग्रेस ने मोदी सरकार पर हमला बोला है। शेयर किए गए आदेश के मुताबिक, संसद भवन के परिसर में कोई सदस्य धरना, हड़ताल, भूख हड़ताल नहीं कर सकेगा। इसके साथ-साथ कोई धार्मिक कार्यक्रम भी वहां नहीं आयोजित हो सकेगा। सरकार के इस फैसले पर विपक्ष भड़क गया है।
बता दें कि संसद के जल्द शुरू होने वाले मानसून सत्र से पहले यह दूसरा विवाद है। इससे पहले लोकसभा सचिवालय की तरफ से जारी एक लिस्ट पर विवाद थमा नहीं है। इसमें कई शब्दों को असंसदीय बताकर पाबंदी लगाई गई है। इनका दोनों सदनों में उपयोग नहीं किया जा सकेगा।
कांग्रेस ने एक संसद सचिवालय के एक बुलेटिन को साझा करते हुए यह दावा किया है। इस आदेश से विपक्ष खफा हो गया है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने उस आदेश को साझा कर केंद्र सरकार पर तंज किया है। कांग्रेस द्वारा साझा किए गए संसदीय बुलेटिन में कहा गया है कि संसद भवन परिसर में कोई सदस्य धरना, हड़ताल, भूख हड़ताल या कोई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित नहीं कर सकेगा। राज्यसभा सदस्य जयराम रमेश ने इस आदेश की प्रतिलिपि के साथ ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा 'विश्वगुरु का नया काम- D(h)arna मना है।
Vishguru's latest salvo — D(h)arna Mana Hai! pic.twitter.com/4tofIxXg7l
— Jairam Ramesh (@Jairam_Ramesh) July 15, 2022
वहीं, कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने भी इसपर ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि पीठासीन अधिकारी सदस्यों के साथ टकराव का मंच तैयार क्यों कर रहे हैं। पहले असंसदीय शब्दों पर टकराव और अब यह. ये सच में दुर्भाग्यपूर्ण है।