मध्य प्रदेश में दल-बदल का सिलसिला जारी है। नामांकन के बाद भी कांग्रेस और भाजपा में लोग पार्टी बदल रहे हैं। शुक्रवार को शहडोल जिले की जयसिंहनगर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी की विधायक प्रमिला सिंह ने भाजपा छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया।
पीटीआई के मुताबिक, नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने उन्हें समर्थकों समेत कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करवाई। उन्होंने जिला कांग्रेस कार्यालय में एक सादे समारोह में यह सदस्यता ली। बताया जा रहा है कि सिंह जयसिंहनगर विधानसभा से टिकट मांग रहीं थीं लेकिन उनकी जगह जैतपुर के भाजपा विधायक जयसिंह मरावी को पार्टी ने मैदान में उतार दिया, जिसके चलते वे नाराज चल रहीं थीं। पार्टी से बगावत करने के बजाय उन्होंने किनारा करना ही बेहतर समझा। अब वह कांग्रेस प्रत्याशी के लिए प्रचार करेंगी।
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने विंध्य प्रदेश के चुनावी दौरे के दूसरे दिन विभिन्न जनसभाओं में कहा कि मध्य प्रदेश के इतिहास में यह पहला चुनाव है जब सत्तारूढ़ पार्टी को न केवल जनता का बल्कि पार्टी के अंदर व्याप्त विरोध का सामना करना पड़ रहा है। सिंह ने कहा कि यह बताता है कि भाजपा का चरित्र दोगला है और उसके इस चरित्र के कारण पार्टी के लोगों का और जनता का मोहभंग हो गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रदेश की जनता ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ अपना पूरा समर्थन प्रदेश की और केंद्र की सरकार को दिया था उसके साथ केंद्र की नरेंद्र मोदी और प्रदेश की शिवराज सरकार ने विश्वासघात किया है।
किसान नेता हरेंद्र प्रताप भी कांग्रेस में शामिल
आज सुबह ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की मौजूदगी में भ्ााजपा की पटवा सरकार में संसदीय सचिव रहे सुरेंद्र प्रताप सिंह के भाई और किसान नेता हरेंद्र प्रताप सिंह भी कांग्रेस में शामिल हो गए है। हरेंद्र के कांग्रेस में जाने से भाजपा को नुकसान हो सकता है। हरेंद्र की छवि एक बड़े किसान नेता के रूप में है।
हरेंद्र प्रताप सिंह ने पार्टी छोड़ने के बाद भाजपा पर वंशवाद का आरोप लगाया है। हरेंद्र ने कहा है कि बीजेपी में परिवारवाद बढ़ रहा है, पैसे लेकर टिकट बेचे जा रहे है, इसलिए मैंने बीजेपी को छोड़ने का फैसला किया। वहीं, हरेंद्र के कांग्रेस में शामिल होने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर हमला बोला है। दिग्विजय ने कहा है कि ये तो बस शुरुआत है अभी और लोग भाजपा को छोड़ेगे। उन्होंने दावा किया है कि 19 नवंबर तक कई बड़े नाम कांग्रेस में शामिल होंगे।