Advertisement

भाजपा और लोजपा के गठबंधन की अटकलें तेज, जेपी नड्डा ने चिराग पासवान को भेजा बुलावा

भाजपा और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के गठबंधन की अटकलों के बीच भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय...
भाजपा और लोजपा के गठबंधन की अटकलें तेज, जेपी नड्डा ने चिराग पासवान को भेजा बुलावा

भाजपा और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के गठबंधन की अटकलों के बीच भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को पत्र लिखकर 18 जुलाई को दिल्ली में होने वाली एनडीए की बैठक में आमंत्रित किया है। पत्र में कहा गया है कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

जेपी नड्डा ने पत्र में लिखा, "आशा है आप सकुशल होंगे। आपकी पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास पासवान ) राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की अहम साथी है. एनडीए के महत्वपूर्ण साथी दल के रूप में आप आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए सरकार द्वारा देश के विकास को गति देने वाली सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की यात्रा के प्रमुख सहयोगी भी हैं।"

आगे कहा गया, "आगामी 18 जुलाई 2023, मंगलवार को सायं 5 बजे नई दिल्ली स्थित होटल अशोक में माननीय प्रधानमंत्री जी की उपस्थिति में एनडीए की बैठक होनी तय हुई है। इस बैठक में आप सादर आमंत्रित हैं। एनडीए के महत्वपूर्ण साथी दल के रूप में आपकी भूमिका और आपका सहयोग गठबंधन को न सिर्फ मजबूत बनाता है बल्कि देश की विकास यात्रा को भी सुदृढ़ता प्रदान करता है।"

गौरतलब है कि बिहार में पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज में भाजपा कार्यकर्ता विजय सिंह की मौत के बाद चिराग पासवान ने भी सीएम नीतीश कुमार पर सवाल उठाए थे। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए कहा था, "मैं अपनी पार्टी की ओर से भाजपा कार्यकर्ता विजय सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। मैं नीतीश कुमार और बिहार सरकार से भी पूछना चाहता हूं कि उनकी मौत का जिम्मेदार कौन है? किसी को लाठी से पीट-पीट कर मार डाला गया। राज्य सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को लाठी के बल पर चुप करा दिया जाता है। मुख्यमंत्री को जवाब देना चाहिए, इस मौत के लिए वह जवाबदेह हैं।"

इससे पहले, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान के एनडीए में शामिल होने की अटकलों के बीच रविवार को उन्होंने कहा था कि वह पार्टी नेताओं के साथ 2-3 और बैठकों के बाद आगामी 2024 लोकसभा चुनावों के लिए गठबंधन बनाने के संबंध में फैसला लेंगे।

बिहार के पटना में अपने आवास पर पार्टी के राष्ट्रीय और राज्य पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करने के बाद, पासवान ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनकी पार्टी के नेताओं ने उन्हें आगामी 2024 लोकसभा चुनावों के लिए गठबंधन बनाने के संबंध में कोई भी निर्णय लेने के लिए 'अधिकृत' किया है।

पासवान ने कहा था, " पार्टी नेताओं ने आज मुझे आगामी 2024 के लोकसभा चुनावों और राज्य चुनावों के लिए गठबंधन बनाने के संबंध में कोई भी निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया है। लेकिन अभी तक गठबंधन पर सार्वजनिक तौर पर बात करना ठीक नहीं होगा।" हालांकि, केंद्रीय मंत्रिमंडल में शपथ लेने के सवाल को उन्होंने टाल दिया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad