Advertisement

केंद्रीय चुनाव समितिः कांग्रेस ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों पर की चर्चा, राज्य में जाति सर्वेक्षण कराना होगा मुख्य एजेंडा

कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने शनिवार को मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों...
केंद्रीय चुनाव समितिः कांग्रेस ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों पर की चर्चा, राज्य में जाति सर्वेक्षण कराना होगा मुख्य एजेंडा

कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने शनिवार को मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों पर विचार-विमर्श किया और यह भी निर्णय लिया कि पार्टी का मुख्य एजेंडा राज्य में जाति सर्वेक्षण कराना होगा।

बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी और राहुल गांधी, एआईसीसी महासचिव संगठन के सी वेणुगोपाल और राज्य के प्रभारी महासचिव रणदीप सुरजेवाला, राज्य पार्टी प्रमुख कमल नाथ और केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य शामिल हुए।

नाथ ने बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, "केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक आज (दिल्ली में) हुई। हमने लगभग 140 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की। अगले 6-7 दिनों में नामों को अंतिम रूप दिया जाएगा।"

हालांकि सुरजेवाला और जितेंद्र सिंह ने कहा कि सभी सीटों पर चर्चा हुई है और बाद में फैसला लिया जाएगा। सुरजेवाला ने कहा कि बैठक में जाति सर्वेक्षण के मुद्दे पर चर्चा हुई। सुरजेवाला ने संवाददाताओं से कहा, "हमने तय किया है कि मध्य प्रदेश में जाति जनगणना कराना हमारा मुख्य एजेंडा होगा।"

मध्य प्रदेश में पार्टी के मुख्यमंत्री पद के चेहरे के बारे में पूछे जाने पर सुरजेवाला ने कहा, ''कमलनाथ जी मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष हैं और जो भी व्यक्ति प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष होता है वह स्वाभाविक रूप से कांग्रेस का चेहरा होता है।''

सुरजेवाला ने यह भी कहा कि सीईसी की बैठक में मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार के कथित "भ्रष्टाचार", कानून व्यवस्था की स्थिति और महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा, "मध्य प्रदेश में बदलाव की हवा चल रही है। इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम और काम का जिक्र नहीं करते।"

एक सवाल के जवाब में सुरजेवाला ने कहा, ''मध्य प्रदेश में जाति जनगणना कांग्रेस का अहम एजेंडा है। हमारा मुख्य एजेंडा हमारे ओबीसी, एससी और एसटी भाई-बहनों को न्याय दिलाना है। बैठक में कमलनाथ जी और मध्य प्रदेश कांग्रेस के अन्य साथियों ने कहा कि जाति जनगणना कांग्रेस का प्राथमिक एजेंडा होगा।''

उन्होंने यह भी कहा, ''मध्य प्रदेश में 230 सीटें हैं। प्रत्येक सीट की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की गई... लगभग सभी सीटों पर चर्चा की गई... हम जल्द ही एक बैठक करेंगे और फिर नामों को अंतिम रूप देना शुरू करेंगे।'

मध्य प्रदेश में 230 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव नवंबर-दिसंबर में होने की संभावना है। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होना अभी बाकी है। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 114 सीटें जीती थीं, जबकि बीजेपी को 109 सीटें मिली थीं।

हालाँकि, बाद में केंद्रीय मंत्री बने ज्योतिरादित्य सिंधिया के नेतृत्व में कई विधायकों के भाजपा में शामिल होने के बाद कांग्रेस सरकार गिर गई। मार्च 2020 में भाजपा सत्ता में लौट आई और शिवराज सिंह चौहान नए कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री बने। विधानसभा में बीजेपी की मौजूदा ताकत 127 है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad