Advertisement

कांग्रेस ने लगाया छत्तीसगढ़ सरकार पर गौहत्या का आरोप, कहा- गौशाला में 350 से ज्यादा गायों को मारा गया

छत्तीसगढ़ के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा कि संघ और भाजपा से जुड़े उन कथित गौरक्षकों का भी कहीं पता नहीं है जो बात-बेबात गाय के नाम पर लोगों को पीट-पीटकर मार डालते हैं।
कांग्रेस ने लगाया छत्तीसगढ़ सरकार पर गौहत्या का आरोप, कहा- गौशाला में 350 से ज्यादा गायों को मारा गया

भाजपा शासित छत्तीसगढ़ मे गौशालाओं की बदहाल स्थिति और 350 से अधिक गायों की मौतों का मामला सामने आने के बाद कांग्रेस हमलावर हो गई है। राज्य की रमन सरकार को घेरते हुए विपक्षी दल कांग्रेस ने भाजपा और सीएम रमन सिंह पर जमकर निशाना साधा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा कि गौसेवा के ठेकेदार ही गौमाता की सुनियोजित हत्या कर रहे हैं। गौशाला में भी मार रहे हैं और शिफ्टिंग में भी। मुख्यमंत्री भी आंखें बद किए हुए हैं। गौहत्या भाजपा नेता की ओर से की जा रही है, तो गौरक्षकों का भी कहीं पता नहीं है। उल्टा लटका देने का दावा करने वाले मुख्यमंत्री अब कह रहे हैं किसी को छोड़ेंगे नहीं।

भूपेश बघेल ने अपने फेसबुक पोस्ट में कहा कि गौसेवा का झूठा दंभ भरने वाले संघ की भाजपा सरकार में भाजपा नेता द्वारा 300 से ज्यादा गायों की सुनियोजित हत्या करने पर चुप्पी बताती है कि इनका गायों की सेवा में कोई विश्वास नहीं है। इनका गौसेवा का दावा मात्र दिखावा है। अगर इन्हें वाकई गायों से प्रेम होता, तो सरकार को कठघरे में खड़ा करते। साफ है कि संघ और भाजपा दोनों आरोपी भाजपा नेता को बचाने में लगे हैं। इसीलिए अभी तक आरोपी को निष्कासित भी नहीं किया गया है। संघ और भाजपा से जुड़े उन कथित गौरक्षकों का भी कहीं पता नहीं है जो बात-बेबात गाय के नाम पर लोगों को पीट-पीटकर मार डालते हैं।

चारा घोटाला का लगाया आरोप

भूपेश बघेल ने भाजपा पर देश के सबसे बड़े चारा घोटाला का भी आरोप लगाया। उन्होंने लिखा है कि यह देश का सबसे बड़ा चारा घोटाला है। भाजपा नेता गायों का चारा खा जा रहे हैं। भाजपा नेता गौसेवा के नाम पर लाखों का अनुदान ले रहे हैं और खुद खा जा रहे हैं।

पशुपालन मंत्री और गौसेवा आयोग के अध्यक्ष को हटाने की मांग

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि गौशाला में 350 से ज्यादा गायों को भूखा-प्यासा रखकर मारा गया। इतना ही नहीं, भूसे में दबाकर गायों को मारा गया। मारने के बाद खाल और हड्डी को भी बेच कर कमाई की जा रही है। गौसेवा को कमाई का जरिया बना लिया गया है। सरकार से लेकर गौसेवा आयोग तक आरोपों में घिरे हैं। पशुपालन मंत्री और गौसेवा आयोग अध्यक्ष को उनके पद से हटाया जाना चाहिए।

क्या था मामला?

दरअसल बीते दिनों गौशालाओं में 350 गायों की मौत का मामला सामने आया है। एक गौशाला में करीब 250 तो दूसरी गौशाला में करीब 100 गायों की मौत हुई है। ये गौशालाएं बीजेपी के नेता हरीश वर्मा की बताई जा रही हैं, जो दुर्ग के बेमेतरा में स्थित हैं। आरोपी बीजेपी नेता हरीश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad