Advertisement

पीएम मोदी और शाह को याद रखना चाहिए, वे भी एक दिन ‘पूर्व’ होंगे: कांग्रेस

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सुरक्षा से एसपीजी हटाए जाने पर कांग्रेस पार्टी ने केन्द्र सरकार पर...
पीएम मोदी और शाह को याद रखना चाहिए, वे भी एक दिन ‘पूर्व’ होंगे: कांग्रेस

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सुरक्षा से एसपीजी हटाए जाने पर कांग्रेस पार्टी ने केन्द्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है। कांग्रेस ने मोदी सरकार के फैसले पर आपत्ति जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को याद रखना चाहिए कि वे भी एक दिन 'पूर्व' होंगे। पार्टी के प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने ट्वीट कर इस मामले पर नाराजगी जताई है। वहीं, लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने भी सरकार पर निशाना साधा।

अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, 'पूर्व प्रधानमंत्री का सुरक्षा कवर हटाने का आदेश देने वाले मौजूदा प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को यह याद रखना चाहिए कि वे भी एक दिन पूर्व होंगे। कर्म आपको देख रहा है।'

सुरक्षा कवर चुनिंदा तरीके से नहीं हटाना चाहिए

लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि सुरक्षा कवर चुनिंदा तरीके से नहीं हटाना चाहिए।

अधीर रंजन चौधरी ने कहा, 'मेरा मानना है कि सुरक्षा कवर चुनिंदा ढंग से नहीं हटाया जाना चाहिए। सुरक्षा कवर केवल इस कारण से नहीं हटाया जाना चाहिए कि मनमोहन सिंह कांग्रेस की सरकार में प्रधानमंत्री थे।' उन्होंने कहा कि 10 सालों के शासनकाल के दौरान यूपीए सरकार में सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों को एसपीजी सुरक्षा कवर मिला। चौधरी ने कहा, 'प्रधानमंत्री पद से हटने के बाद सिंह ने कभी सुरक्षा कवर नहीं मांगा और भविष्य में मांगेंगे भी नहीं। यह सरकार का निर्णय था।'

'जेड प्लस' सुरक्षा मिलती रहेगी

गौरतलब है कि सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को दी जा रही एसपीजी सुरक्षा वापस ले ली है। हालांकि सिंह को 'जेड प्लस' सुरक्षा मिलती रहेगी। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे सिंह से एसपीजी सुरक्षा वापस लेने का फैसला विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों द्वारा समीक्षा किए जाने के बाद किया गया है। 'जेड प्लस' सुरक्षा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) द्वारा दिए जाने वाले उच्चतम सुरक्षा कवर में से एक है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad