Advertisement

‘आप’ के एक और नेता पर ईडी का शिकंजा, मटियाला विधायक गुलाब सिंह यादव के घर छापेमारी

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आप पार्टी के अन्य नेताओं की भी मुसीबत बढ़ती...
‘आप’ के एक और नेता पर ईडी का शिकंजा, मटियाला विधायक गुलाब सिंह यादव के घर छापेमारी

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आप पार्टी के अन्य नेताओं की भी मुसीबत बढ़ती जा रही है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से ईडी को सीएम अरविंद केजरीवाल को छह दिन की रिमांड मिलने के बाद ईडी एक्शन मोड में आ गई है। दिल्ली के ‘आप’ विधायक गुलाब सिंह यादव के घर पर ईडी ने छापेमारी की है। शनिवार सुबह मटियाला से ‘आप’ विधायक गुलाब सिंह यादव के यहां ईडी की टीम छापेमारी के लिए पहुंची।

जानकारी के मुताबिक, ‘आप’ विधायक गुलाब सिंह के घूमनहेड़ा स्थित घर पर ईडी की टीम सुबह 3:30 बजे पहुंची थी और चार घंटे तक जांच पड़ताल करने के बाद 7:30 बजे चली गई है। उनके घर के बाहर अभी पुलिसकर्मी तैनात हैं। बताया जा रहा है उनके साथ ईडी के दो-तीन अधिकारी भी हैं, हालांकि अब छापेमारी नहीं हो रही है।

‘आप’ विधायक गुलाब सिंह यादव को 2016 में जबरन वसूली के एक कथित मामले में गिरफ्तार किया था। फिलहाल ईडी यह कार्रवाई किस मामले में कर रही है इस बात की जानकारी अभी नहीं मिली है।

गुलाब सिंह यादव पर नगर निगम चुनाव में टिकट बेचने का भी आरोप लगा था। जिसके चलते उन्हें पार्टी कार्यकर्ताओं के गुस्सा का भी सामना करना पड़ा था। कार्यकर्ताओं ने उनके साथ मारपीट की थी, जिका एक वीडियो भी सामने आया था। 2022 में विधायक गोला ताजपुर में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने पहुंचे थे। जहां पैसे लेकर टिकट बांटने का आरोप लगाकर उनके साथ मारपीट की गई।

'आप' विधायक गुलाब सिंह यादव के ठिकानों पर आईटी की छापेमारी पर दिल्ली के मंत्री और 'आप'  नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, 'न केवल भारत बल्कि दुनिया भर के लोगों को पता चल गया है कि भाजपा सरकार पूरे विपक्ष को जेल में डालने में व्यस्त है। ये देश रूस की राह पर चल रहा है। ऐसा बांग्लादेश, पाकिस्तान, उत्तर कोरिया में देखा जा चुका है और अब भारत भी इसी रास्ते पर है। दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र अब तानाशाही की राह पर है जहां लोगों के बुनियादी अधिकार खत्म हो जाएंगे, जहां विपक्ष को रोक दिया जाएगा। हमारे चार शीर्ष नेता झूठे मुकदमों में जेल में हैं। हम गुजरात में चुनाव लड़ रहे हैं और पार्टी के गुजरात प्रभारी गुलाब सिंह यादव के यहां आज छापेमारी हो रही है। मुझे विश्वास है कि आने वाले समय में आप नेताओं और अन्य विपक्षी नेताओं पर छापे मारे जाएंगे ताकि विपक्ष डरकर चुप हो जाए।'

 

अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर बात करते हुए शिवसेना(यूबीटी) सांसद संजय राउत ने कहा, "भाजपा के लिए इस बार का लोकसभा चुनाव कठिन है। लोगों को कष्ट देने का उनका कार्यक्रम जारी रहेगा। आज इस देश में कोई भी सुरक्षित नहीं है। किसी को भी गिरफ्तार किया जा सकता है। भारत में इन दिनों रूस और चीन जैसा पैटर्न चल रहा है। जनता ने अरविंद केजरीवाल को अपना मुख्यमंत्री चुना है। इसलिए केवल लोग ही उनके भाग्य का फैसला करेंगे।

शिवसेना(यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, "जिस प्रकार से आम आदमी पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं को जेल में डाला गया है उससे यह साफ होता है कि राजनीतिक प्रतिशोध के तहत किया गया है। कहीं भी अब तक ईडी की ओर से कोई तथ्य नहीं दिखाए गए जिससे कि साबित हो पाए यह कार्रवाई किस आधार पर हो रही है, कोई सबूत नहीं दिए गए हैं... यह नहीं भूलना चाहिए कि अरविंद केजरीवाल भारी बहुमत से जनता का विश्वास जीतकर आए हैं और वे अपना काम करने के कारण ही जीत कर आए हैं..."

 

 

 

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad