Advertisement

पांचवां चरण: यूपी की 61 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी, दोपहर 3 बजे तक हुए 46.28% मतदान

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए मतदान रविवार सुबह शुरू हुआ, जिसमें राज्य के...
पांचवां चरण: यूपी की 61 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी, दोपहर 3  बजे तक हुए 46.28% मतदान

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए मतदान रविवार सुबह शुरू हुआ, जिसमें राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 692 उम्मीदवारों में शामिल हैं जो 12 जिलों में फैली 61 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। मतदान सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेगा। इस चरण में लगभग 2.24 करोड़ लोग मतदान करने के पात्र हैं। चुनाव आयोग के हालिया आंकड़ों के हिसाब से यूपी में दोपहर 3 बजे तक 46.28% मतदान हुए।

जिन जिलों में मतदान हो रहा है उनमें सुल्तानपुर, चित्रकूट, प्रतापगढ़, कौशाम्बी, प्रयागराज, बाराबंकी, बहराइच, श्रावस्ती और गोंडा शामिल हैं।

कभी कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाले अमेठी और रायबरेली और राम मंदिर आंदोलन का केंद्र रहे अयोध्या में भी रविवार को मतदान होगा।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मैदान में प्रमुख चेहरे हैं, जो कौशांबी जिले के सिराथू से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका सामना अपना दल (कामेरावाड़ी) की उम्मीदवार पल्लवी पटेल से है।
अन्य मंत्री इलाहाबाद पश्चिम से सिद्धार्थ नाथ सिंह, पट्टी (प्रतापगढ़) से राजेंद्र सिंह, इलाहाबाद दक्षिण से नंद गोपाल गुप्ता नाडी और मनकापुर (गोंडा) से रमापति शास्त्री हैं।

रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया, जो 1993 से कुंडा से विधायक हैं, एक बार फिर जनसत्ता दल के उम्मीदवार के रूप में मैदान में हैं, उनके पुराने सहयोगी गुलशन यादव उनके खिलाफ समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की मां और अपना दल (के) नेता कृष्णा पटेल प्रतापगढ़ सीट से चुनाव लड़ रही हैं। अपना दल (के) ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन किया है।

केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, अपने पिता सोनेलाल पटेल के नाम पर पार्टी के एक प्रतिद्वंद्वी गुट का नेतृत्व कर रही हैं, हालांकि, उन्होंने अपनी मां कृष्णा पटेल को चुनौती देने के लिए यह सीट भाजपा को सौंप दी है।

प्रतापगढ़ के रामपुर खास से कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा मोना चुनाव लड़ रही हैं।

रविवार को मतदान पूरा होने के साथ ही उत्तर प्रदेश में विधानसभा की कुल 403 सीटों में से 292 पर वोटिंग हो जाएगी। अंतिम दो चरणों में तीन और सात मार्च को मतदान होगा।

पांचवें चरण के चुनाव प्रचार के लिए पीएम नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनावी क्षेत्रों का दौरा किया था। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, बसपा सुप्रीमो मायावती और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी व्यापक रूप से निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा किया है। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने रायबरेली निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं के लिए एक रैली को डिजिटल रूप से संबोधित किया था। शुक्रवार को चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने अमेठी में संयुक्त रूप से एक रैली को संबोधित किया।


प्रधानमंत्री मोदी ने अमेठी, प्रयागराज, कौशाम्बी और बहराइच में रैलियों की एक श्रृंखला को संबोधित किया, और मुख्य रूप से वोट बैंक की राजनीति और वंशवाद की राजनीति के मुद्दों पर विरोधियों पर हमला किया।

राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने कहा कि पांचवें चरण के मतदान के लिए सभी जरूरी इंतजाम कर लिए गए हैं।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव, भाजपा, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी , अपना दल, आरएलडी, कांग्रेस, मतदान,

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad