Advertisement

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा कांग्रेस में हुए शामिल, पार्टी का हुआ विलय

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। एएनआई के मुताबिक, चाईबासा में...
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा कांग्रेस में हुए शामिल, पार्टी का हुआ विलय

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। एएनआई के मुताबिक, चाईबासा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉक्टर अजय कुमार की मौजूदगी में कोड़ा कांग्रेस में शामिल हुए। कोड़ा के साथ उनकी विधायक पत्नी भी कांग्रेस में शामिल हुईं।

इस मौके पर डॉ अजय कुमार ने कहा कि मधु कोड़ा के पार्टी में शामिल होने से कांग्रेस को मजबूती मिलेगी। कोड़ा की कोल्हान में मजबूत पकड़ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कोल्हान से मुख्यमंत्री और सांसद दोनों देगी। कोड़ा के कांग्रेस में शामिल होने के बाद उनकी पार्टी जय भारत समानता पार्टी का भी कांग्रेस में विलय हो गया। अब पार्टी का अस्तित्व नहीं रहा। 

कांग्रेस के समर्थन से मुख्यमंत्री बने थे कोड़ा

मधु कोड़ा निर्दलीय विधायक रहते हुए वर्ष 2006 में कांग्रेस के समर्थन से मुख्यमंत्री बने थे। वे 14 नवंबर 2006 से 2008 यानी दो साल तक मुख्यमंत्री रहे। बाद में 2009 में वे सिंहभूम से अपनी पार्टी जयभारत समानता पार्टी के टिकट पर सांसद चुने गए। वर्ष 2009 में ही उन्हें कोयला घोटाले में जेल जाना पड़ा। तब उनकी पत्नी गीता कोड़ा पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर से विधानसभा चुनाव लड़ी और जीती। गीता कोड़ा अभी भी जगन्नाथपुर से विधायक हैं। मधु कोड़ा पिछला लोकसभा चुनाव हार गए थे।

पहली बार भाजपा के टिकट पर चुने गए थे विधायक

मधु कोड़ा पहली बार 2000 में भाजपा के टिकट पर जगन्नाथपुर से विधायक चुने गए थे। 2005 में टिकट कटा तो वे निर्दलीय मैदान में कूद पड़े और जीते। भाजपा प्रत्याशी तीसरे स्थान पर रहे थे। कोड़ा सामान्य आदिवासी परिवार से आते हैं। उनके पिता रसिका कोड़ा सेल में कर्मचारी थे। कोड़ा का जन्म 6 जनवरी 1971 को गुवा में ही हुआ था। हालांकि, उनका मूल गांव पाताहातू है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad